• Banaras Now, Varanasi
  • March 19, 2026

मुंबई। रैपर और सिंगर बादशाह एक बार फिर अपने गाने ‘टटीरी’ को लेकर विवादों में घिर गए हैं। हरियाणा राज्य महिला आयोग ने इस गाने में महिलाओं और नाबालिग लड़कियों के प्रति कथित आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल को लेकर उन्हें दोबारा समन जारी किया है। आयोग ने बादशाह को 13 मार्च को पानीपत स्थित डीसी कार्यालय में पेश होने के लिए कहा है।

दरअसल, गाने के रिलीज होने के बाद कई सामाजिक संगठनों और महिला समूहों ने इसके बोल और वीडियो पर आपत्ति जताई थी। उनका आरोप है कि इसमें महिलाओं का अपमान किया गया है और स्कूल जाने वाली लड़कियों को गलत तरीके से दिखाया गया है। इन शिकायतों के आधार पर हरियाणा राज्य महिला आयोग ने मामले की जांच शुरू की है।

Advertisement

आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने कहा कि मनोरंजन उद्योग और लोकप्रिय कलाकारों को अपने कंटेंट में सामाजिक जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं और बादशाह आयोग के निर्देशों का पालन नहीं करते हैं, तो हरियाणा में उनके कार्यक्रमों पर रोक लगाने की सिफारिश भी की जा सकती है।

इससे पहले भी आयोग ने बादशाह को समन भेजा था, लेकिन वह सुनवाई के लिए उपस्थित नहीं हुए थे। अब नए समन के जरिए उन्हें दोबारा बुलाया गया है और इस मामले की अगली सुनवाई 13 मार्च को होगी।

उधर, इस मामले में हरियाणा पुलिस ने भी एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो में हरियाणा रोडवेज की बस का बिना अनुमति उपयोग किए जाने के पहलू की भी जांच कर रही है।

विवाद बढ़ने के बाद बादशाह ने एक वीडियो जारी कर माफी मांगी थी। उन्होंने कहा कि उनका किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था, खासकर हरियाणा के लोगों के प्रति। उन्होंने यह भी बताया कि विवाद बढ़ने के बाद गाने को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है और उम्मीद जताई कि लोग उन्हें माफ कर देंगे।

आयोग ने कहा है कि सभी शिकायतों और बादशाह की सफाई सुनने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Author

thefrontfaceindia@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *