• Banaras Now, Varanasi
  • March 5, 2026

चंदौली जिले में शनिवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के सहजौर गांव के समीप हाईवे किनारे बदमाशों ने चार लोगों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के पुरवा गांव निवासी 26 वर्षीय गोलू यादव इन दिनों सहजौर गांव में अपने मामा जयप्रकाश यादव के यहां रह रहा था। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह गांव के कुछ लोगों से उसका विवाद हुआ था। इसी विवाद ने देर रात हिंसक रूप ले लिया और एक युवक ने गोलू यादव पर फायरिंग कर दी।

गोली चलने की आवाज सुनकर बीच-बचाव के लिए पहुंचे सोनू यादव, कृष्णा यादव और अक्षय यादव भी हमले की चपेट में आ गए। चारों को गोली लगने से गंभीर चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को निजी वाहनों से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार गोलू यादव की हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि अन्य तीन घायलों का उपचार जारी है।

सूचना मिलते ही मुगलसराय कोतवाली सहित आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Author

thefrontfaceindia@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *