वाराणसी। गोरक्षपीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान श्री काशी विश्वनाथ धाम और ‘काशी कोतवाल’ काल भैरव मंदिर में विधिवत पूजन-अर्चन किया। जापान और सिंगापुर की यात्रा से लौटने के बाद मुख्यमंत्री सीधे काशी पहुंचे और पहले ही दिन बाबा के दरबार में हाजिरी लगाकर प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले काल भैरव मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। मंदिर परिसर में मौजूद बच्चों से उन्होंने आत्मीय संवाद किया और उन्हें चॉकलेट वितरित की। बच्चों ने मुख्यमंत्री का उत्साहपूर्वक स्वागत करते हुए कहा, “हैप्पी होली बाबा जी!” इस पर मुख्यमंत्री मुस्कुराए और बच्चों को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई-लिखाई के बारे में भी पूछा और उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।
इसके बाद मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे, जहां गर्भगृह में प्रवेश कर उन्होंने षोडशोपचार विधि से बाबा विश्वनाथ का पूजन-अभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने लोकमंगल और जनकल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने “हर-हर महादेव” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना दिया। मुख्यमंत्री ने भी हाथ जोड़कर श्रद्धालुओं का अभिवादन किया।

मंदिर से बाहर निकलते समय मुख्यमंत्री ने आसपास की दुकानों पर बैठे लोगों से मुलाकात की और होली की बधाई दी। इस दौरान उन्होंने एक लस्सी विक्रेता को स्वच्छता का ध्यान रखने की सलाह देते हुए कहा कि दही ढककर रखा करें।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को धार्मिक आस्था के साथ-साथ जनसंपर्क के दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। काशी में उनके आगमन को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

