• Banaras Now, Varanasi
  • March 5, 2026

हाथरस में शादी के महज तीन दिन बाद एक नवविवाहिता अपने रिश्ते के चाचा के साथ घर से चली गई। आरोप है कि सुहागरात के दिन जब पति उसके पास गया तो उसने उसे दूर रहने की चेतावनी दी और चाकू से हाथ पर वार कर दिया। उसने साफ कहा कि वह किसी और से प्रेम करती है और उसे छूने की कोशिश न की जाए। इसके बाद दूल्हा कमरे में अलग चारपाई डालकर सोने लगा।

तीन दिन बाद युवती ने कथित तौर पर खाने में नशीला पदार्थ मिलाया। उसने पति समेत पूरे परिवार को अपने हाथ से खाना परोसा। खाना खाने के कुछ देर बाद सभी लोग बेहोश हो गए। आरोप है कि इसी दौरान वह घर में रखे करीब 15 लाख रुपये के जेवरात और पति की जेब से 18 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गई।

दो दिन तलाश के बाद पुलिस को दी सूचना

परिजन दो दिनों तक रिश्तेदारी और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश करते रहे। कोई सुराग न मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के नाई का नगला नई बस्ती का बताया जा रहा है। 21 फरवरी को शादी हुई थी, जबकि 25 फरवरी को युवती घर से चली गई।

सुहागरात पर हुआ विवाद

नाई का नगला निवासी सुनील, जो शटरिंग का काम करता है, की शादी 21 फरवरी को परसारा गांव निवासी धर्मेंद्र की 20 वर्षीय बेटी मोनिका से हुई थी। 22 फरवरी को विदाई के बाद वह पत्नी को घर लेकर आया।

सुनील के मुताबिक, शादी के दौरान सब कुछ सामान्य लग रहा था और किसी प्रेम संबंध की चर्चा सामने नहीं आई थी। लेकिन सुहागरात पर पत्नी ने उसे पास आने से मना कर दिया और कहा कि वह किसी और से प्रेम करती है। समझाने की कोशिश करने पर उसने चाकू से हाथ पर हमला कर दिया और दूरी बनाए रखने की बात कही।

खाने में नशीला पदार्थ मिलाने का आरोप

अगले दिन सुनील ने यह बात ससुराल पक्ष को बताई। परिजन आए और युवती को समझाया। उनके जाने के बाद वह दो दिन तक सामान्य व्यवहार करती रही और परिवार के साथ घुल-मिलकर रही।

25 फरवरी की शाम उसने घर के सभी सदस्यों के लिए खाना बनाया। आरोप है कि खाने के बाद पूरा परिवार बेहोश हो गया। सुबह जब होश आया तो युवती घर में नहीं थी। अलमारी खुली मिली और सोने-चांदी के जेवरात तथा नकदी गायब थी। घर का मुख्य दरवाजा भी खुला मिला।

पुलिस ने शुरू की जांच

परिवार ने युवती के मायके संपर्क किया तो जानकारी मिली कि गांव का उसका रिश्ते का चाचा भी लापता है। बताया गया कि दोनों के बीच पहले से संबंध थे, हालांकि शादी परिवार की सहमति से हुई थी। दोनों परिवारों ने तलाश की, लेकिन पता न चलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

कोतवाली प्रभारी सतेंद्र सिंह राघव ने बताया कि शिकायत मिल गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती की शादी उसकी इच्छा के विरुद्ध कराई गई थी और वह पति के साथ नहीं रहना चाहती थी। उसका पता चल गया है और उसने स्वयं थाने आने की बात कही है। जल्द ही दोनों पक्षों को बुलाकर पूछताछ की जाएगी।

Author

thefrontfaceindia@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *