वाराणसी। कचहरी क्षेत्र में अव्यवस्थित पार्किंग के कारण लगने वाले जाम और आमजन को हो रही असुविधा से निजात दिलाने के लिए पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल की पहल पर कलर-कोडेड पार्किंग व्यवस्था लागू कर दी गई है। इसके साथ ही सेन्ट्रल बार एसोसिएशन और बनारस बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं को निःशुल्क वाहन पार्किंग पास वितरित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस आयुक्त ने स्वयं अधिवक्ताओं के वाहनों पर पार्किंग पास चस्पा कर किया। यह व्यवस्था कचहरी परिसर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात को सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
हरी और पीली पट्टी से होगी पार्किंग की पहचान
नई व्यवस्था के तहत पार्किंग स्थलों का स्पष्ट चिन्हांकन किया गया है। हरी पट्टी के भीतर दोपहिया और पीली पट्टी के भीतर चारपहिया वाहनों की पार्किंग निर्धारित की गई है। इससे वाहन खड़े करने में अनुशासन आएगा और अव्यवस्था कम होगी।
अवैध पार्किंग पर सख्ती
निर्धारित स्थलों के अतिरिक्त सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऐसे वाहनों को हटाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा, जिससे जाम की समस्या में कमी आएगी और आमजन का आवागमन निर्बाध हो सकेगा।
हजारों अधिवक्ताओं को मिलेगा लाभ
सेन्ट्रल बार एसोसिएशन में 7637 तथा बनारस बार एसोसिएशन में 5604 अधिवक्ता पंजीकृत हैं। सभी पात्र अधिवक्ताओं को उनके COP नंबर के आधार पर चरणबद्ध तरीके से निःशुल्क पार्किंग पास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह व्यवस्था पारदर्शी और सुव्यवस्थित पार्किंग प्रणाली स्थापित करने के उद्देश्य से लागू की गई है।
मल्टीलेवल पार्किंग में बढ़ेगी क्षमता
मल्टीलेवल पार्किंग के शीर्ष तल पर भी एक सप्ताह के भीतर पार्किंग शुरू कर दी जाएगी, जिससे लगभग 500 अतिरिक्त वाहनों के लिए स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
इस अवसर पर दोनों बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्ता, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात श्री अंशुमान मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
