वाराणसी: महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियों को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शुक्रवार को सलारपुर स्थित कपिलधारा कुंड एवं आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अव्यवस्थाएं मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए पर्व से पूर्व सभी इंतजाम दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कुंड के समीप स्थित धर्मशाला और परिक्रमा मार्ग पर कुछ समितियों व स्थानीय लोगों द्वारा किए गए अवैध कब्जों पर नगर आयुक्त ने तत्काल कार्रवाई का आदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अवैध अतिक्रमण की पैमाइश कराकर संबंधितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाए और स्थल का सुंदरीकरण कराया जाए।

नगर आयुक्त ने धर्मशाला का ताला खुलवाकर वहां साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शौचालय और यूरिनल को क्रियाशील बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अलावा पंचकोशी यात्रा मार्ग को महाशिवरात्रि से पहले गड्ढामुक्त करने, स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जलकल विभाग को सीवर और वाटर लीकेज की समस्या तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए। भीड़ को देखते हुए आवश्यकतानुसार मोबाइल टॉयलेट की तैनाती और शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

निरीक्षण के दौरान शिवपुर वार्ड के पार्षद बलराम बनौजिया, कंदवा के पार्षद प्रतिनिधि, जोनल अधिकारी, अधिशासी अभियंता (सिविल), अवर अभियंता (जलकल), सफाई निरीक्षक सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
