• Banaras Now, Varanasi
  • March 5, 2026
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में होली उत्सव

वाराणसी: महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शनिवार को होली से पहले ही उत्सव का रंग चढ़ गया। पूरा विश्वविद्यालय परिसर रंगों की बौछार और जोश से सराबोर दिखा, जहां छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं।

मानविकी संकाय क्षेत्र में डीजे की धुनों पर युवा थिरकते नजर आए। ढोल की थाप और उत्साह से भरे नारों के बीच विद्यार्थियों ने पूरे कैंपस का भ्रमण किया। रंग-बिरंगे गुलाल से सजा परिसर मानो उत्सव की छटा बिखेर रहा था।

छात्र-छात्राएं जुलूस के रूप में विभिन्न छात्रावासों और विभागों से गुजरते हुए आजाद चौक पहुंचे। वहां उन्होंने शिक्षकों, कर्मचारियों और साथियों को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। प्राध्यापकों ने भी छात्रों के साथ मिलकर पर्व की खुशियां साझा कीं और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।

बीते वर्ष होली के दौरान हुई घटना को ध्यान में रखते हुए इस बार विश्वविद्यालय प्रशासन पहले से अधिक सतर्क रहा। परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी। प्रमुख स्थानों पर सुरक्षाकर्मी तैनात रहे और सभी प्रवेश द्वारों पर विशेष निगरानी रखी गई।

बाहरी लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रही। गेट पर पहचान पत्र की जांच के बाद ही छात्रों और कर्मचारियों को अंदर जाने की अनुमति दी गई। प्रशासनिक अधिकारी और सुरक्षा कर्मी किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकने के लिए लगातार सक्रिय रहे।

सुरक्षा और अनुशासन के बीच काशी विद्यापीठ का परिसर होली के रंग में डूबा रहा। उल्लास और उमंग के साथ मनाया गया यह पर्व विश्वविद्यालय में भाईचारे और एकता का संदेश दे गया।

Author

thefrontfaceindia@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *