• Banaras Now, Varanasi
  • March 19, 2026

वाराणसी। आगामी नवरात्रि और अन्य प्रमुख त्योहारों को देखते हुए नगर निगम ने शहर की यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में स्मार्ट सिटी सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में नगर निगम ने शहर में संचालित निजी पार्किंग स्थलों के संचालकों से विस्तृत विवरण मांगा है। पार्किंग शुल्क को लेकर नागरिकों द्वारा जताई गई आपत्तियों के निस्तारण के लिए यह जानकारी एकत्र की जा रही है, ताकि शुल्क निर्धारण और व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाया जा सके।

इसके अलावा शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए ऑटो और ई-रिक्शा के लिए अलग से ‘पिक एंड ड्रॉप प्वाइंट’ विकसित करने की योजना पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों का मानना है कि इससे मुख्य सड़कों पर वाहनों की अनावश्यक भीड़ कम होगी और यातायात सुचारु रहेगा।

बैठक में नगर आयुक्त ने सभी वार्डों में मार्ग प्रकाश व्यवस्था को मजबूत करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी स्ट्रीट लाइटें खराब हैं, उन्हें तत्काल ठीक कराया जाए और जिन स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था अपर्याप्त है वहां नई लाइटें लगाई जाएं, ताकि त्योहारों के दौरान लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार त्योहारों के मद्देनजर शहर में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

Author

thefrontfaceindia@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *