• Banaras Now, Varanasi
  • March 5, 2026

अलीगढ़। वेलेंटाइन वीक के दूसरे दिन रविवार को प्रपोज डे पर एक युवक की कथित “आशिकी” उस पर ही उलटी पड़ गई। थाना सासनीगेट क्षेत्र के मोहल्ला खाईडोरा में एक युवती को रोककर “बाबू–सोना” कहने की कोशिश करना युवक को महंगा पड़ गया। युवती ने सरेआम चप्पलों से युवक की पिटाई कर दी, वहीं मौके पर जुटी भीड़ ने भी उसे पकड़कर जमकर खरी-खोटी सुनाई।

जानकारी के अनुसार, खाईडोरा इलाके की 17 वर्षीय युवती पास ही एक प्रतिष्ठान पर काम करती है। आरोप है कि पिछले करीब एक सप्ताह से एक युवक उसका पीछा कर रहा था, जिसकी जानकारी युवती ने अपने परिजनों को पहले ही दे दी थी।

रविवार को जब युवती जयगंज पोस्ट ऑफिस के पास पहुंची, तभी युवक पीछे से आवाज देते हुए उसे रोकने लगा। युवती के अनदेखा करने पर युवक ने आगे बढ़कर उसका रास्ता रोक लिया। इससे घबराकर युवती ने शोर मचा दिया।

शोर सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और युवक को पकड़ लिया। इसके बाद युवती ने चप्पल से उसकी पिटाई कर दी। कुछ ही देर में युवती के परिजन भी वहां पहुंच गए। पूछताछ में युवक ने अपना नाम इमरान, निवासी भुजपुरा बताया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को थाना सासनीगेट ले गई। थाने पर पूर्व मेयर शकुंतला भारती और हिंदूवादी नेता रवि वर्मा सहित अन्य लोग भी पहुंचे। युवती के परिजनों की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है।

Author

thefrontfaceindia@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *