• Banaras Now, Varanasi
  • March 19, 2026

वाराणसी। पूर्वांचल सहित वाराणसी में मौसम एक बार फिर करवट लेने के संकेत दे रहा है। मौसम विभाग ने क्षेत्र के लिए अपना अलर्ट संशोधित करते हुए 20 और 21 मार्च को बारिश की संभावना जताई है। पहाड़ों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से आने वाले दिनों में मौसम का रुख बदल सकता है, जिससे बादलों की सक्रियता बढ़ने की उम्मीद है।

मंगलवार सुबह ठंडी हवाओं का असर बना रहा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही गर्मी ने जोर पकड़ लिया। दोपहर तक तेज धूप और सतही हवाओं के कारण गर्मी का प्रभाव बढ़ गया और हालात लू जैसे महसूस होने लगे। घरों में पंखों की जगह अब कूलर और एसी का इस्तेमाल बढ़ने लगा है, हालांकि तेज लू का असर अभी कुछ दिन बाद स्पष्ट रूप से देखने को मिल सकता है।

पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। इस दौरान आर्द्रता का स्तर न्यूनतम 49 प्रतिशत और अधिकतम 58 प्रतिशत रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है और इसका असर पूर्वांचल में भी देखने को मिल सकता है। ऐसे में 20 और 21 मार्च को क्षेत्र में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

Author

thefrontfaceindia@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *