• Banaras Now, Varanasi
  • March 19, 2026

वाराणसी: काशी की पावन धरा पर स्वर्णकार समाज की राष्ट्रीय संस्था स्वर्णकार भारती सेवा संस्थान, वाराणसी की ओर से रविवार 8 मार्च 2026 को सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम नाटी इमली स्थित गणेश मंडपम लॉन में संपन्न होगा, जिसमें स्वर्णकार समाज के सात जोड़ों का वैदिक रीति-रिवाज के साथ विवाह कराया जाएगा।

संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि विवाह समारोह से पहले सातों दूल्हों की सामूहिक बारात सुबह 10 बजे उन्नति रेजीडेंसी (मैदागिन पेट्रोल पंप के सामने) से निकलेगी। यह बारात मध्यमेश्वर, दारानगर, डीएवी कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज और ईश्वरगंगी होते हुए नाटी इमली स्थित गणेश मंडपम लॉन पहुंचेगी।

Advertisement

लॉन में पहुंचने के बाद कन्या पक्ष की महिलाओं द्वारा पारंपरिक परछन की रस्म निभाई जाएगी। इसके बाद सुसज्जित मंच पर सभी जोड़ों का जयमाल कार्यक्रम आयोजित होगा। अतिथियों और समाज के वरिष्ठ जनों द्वारा वर-वधू को आशीर्वाद देने के बाद एक ही विवाह मंडप में वैदिक विधि से सभी जोड़ों का परिणय संस्कार संपन्न कराया जाएगा।

संस्थान की ओर से सभी नवविवाहित जोड़ों को शुभाशीर्वाद के साथ वैवाहिक जीवन में उपयोगी आवश्यक घरेलू सामान भी प्रदान किया जाएगा।

Also Read- रस्मों के बीच गूंजी शहनाई की आहट, स्वर्णकार भारती सेवा संस्थान ने रचाया 3 जोड़ों का सामूहिक छेका

इस सम्मेलन में कई प्रमुख जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की सहमति मिली है। इनमें राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकतंत्र सेनानी व पूर्व राज्यसभा सदस्य कैलाश सोनी, राज्यसभा सदस्य डॉ. प्रदीप वर्मा, विधायक मोहन वर्मा, बिहार विधान परिषद सदस्य जीवन लाल, जौनपुर के नन्हे लाल वर्मा और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष वर्मा सहित अन्य गणमान्य अतिथि शामिल होंगे।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के अलावा छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार और हरियाणा सहित कई राज्यों से संस्थान के पदाधिकारी और समाजसेवी भी भाग लेंगे।

पत्रकार वार्ता के दौरान राष्ट्रीय संस्थापक इंजीनियर योगेंद्र कुमार, राष्ट्रीय संयोजक एवं सामूहिक विवाह सम्मेलन अध्यक्ष रवि सर्राफ, महिला प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष सरिता सर्राफ, जिलाध्यक्ष किशोर सेठ, सम्मेलन संयोजक कमल कुमार सिंह, जिला महासचिव अरुण सोनी, सम्मेलन संरक्षक विष्णु दयाल, दीपक कुमार सेठ, कोषाध्यक्ष सतीश कुमार सिंह, महिला जिलाध्यक्ष बेबी सेठ, महिला नगर अध्यक्ष सुनिति सिंह और अनिल सेठ सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

संस्थान के जिलाध्यक्ष किशोर सेठ ने स्वर्णकार समाज के सभी लोगों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर नवदंपतियों को आशीर्वाद देने की अपील की है।

Author

thefrontfaceindia@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *