लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 24 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस तबादला सूची में डीजी स्तर से लेकर एसपी और एसएसपी स्तर तक के अधिकारी शामिल हैं। कई महत्वपूर्ण जिलों और कमिश्नरेट में नए अधिकारियों की तैनाती की गई है।
जारी आदेश के अनुसार सुजीत पांडे को डीजी फायर सर्विसेज बनाया गया है, जबकि प्रवीण कुमार को एडीजी लखनऊ जोन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। के. एस. इमानुएल को डीजीपी का जीएसओ नियुक्त किया गया है। विनोद कुमार सिंह को आईजी पुलिस अकादमी मुरादाबाद बनाया गया है।
वाराणसी कमिश्नरेट में आलोक प्रियदर्शी को अपर पुलिस आयुक्त और गाजियाबाद कमिश्नरेट में राजकरण नैय्यर को अपर पुलिस आयुक्त बनाया गया है। सोमेन बर्मा को डीआईजी अयोध्या रेंज की जिम्मेदारी दी गई है। कानपुर कमिश्नरेट में संकल्प शर्मा और विपिन टाडा को संयुक्त पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है।
लखनऊ में अभिषेक यादव को डीआईजी एटीएस, आशीष तिवारी को डीआईजी टेक्निकल सर्विसेज तथा प्रताप गोपेंद्र यादव को डीआईजी यूपी पुलिस मुख्यालय बनाया गया है।
जिलों में भी कई नए एसपी और एसएसपी की तैनाती की गई है। कुंवर अनुपम सिंह को एसपी जौनपुर, डॉ. ख्याति गर्ग को एसपी लखीमपुर खीरी, यशवीर सिंह को एसपी बस्ती, चारू निगम को एसपी सुल्तानपुर और अभिनंदन को एसएसपी सहारनपुर बनाया गया है।
इसी क्रम में डॉ. कौस्तुभ को एसएसपी गोरखपुर, अविनाश पांडे को एसएसपी मेरठ, अपर्णा रजत कौशिक को एसपी मिर्जापुर, रवि कुमार को एसपी रायबरेली, सुकृति माधव को एसपी पीलीभीत और सर्वानन टी को एसपी अमेठी नियुक्त किया गया है।
वहीं अनुकृति को अपर पुलिस उपायुक्त नोएडा कमिश्नरेट बनाया गया है।
सरकार के इस कदम को कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा प्रशासनिक कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
