Weather in UP: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है। रविवार को पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि देखने को मिली, जबकि सोमवार के लिए भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अचानक आए इस बदलाव के चलते शनिवार देर रात से दिल्ली-एनसीआर, तराई क्षेत्रों और उत्तराखंड से सटे इलाकों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश का दौर शुरू हो गया। पश्चिम से उठे विक्षोभ के प्रभाव से रविवार को दिनभर रुक-रुक कर वर्षा होती रही।
बागपत में सर्वाधिक 25 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि बिजनौर में 16 मिमी और मुरादाबाद में 15 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार और मंगलवार को यह बारिश मध्य यूपी, अवध क्षेत्र और बुंदेलखंड तक फैल सकती है। कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर और अमरोहा सहित कुछ इलाकों में ओले गिरने की सूचना भी मिली है।
वहीं बरेली, प्रयागराज और कानपुर में सुबह के समय घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम रही।
अचानक बदले मौसम से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और ठंड के साथ नमी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने सोमवार को पश्चिमी यूपी के 27 जिलों में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और 16 जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी है। राजधानी लखनऊ में भी अगले दो दिनों तक हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, यह मौसमी बदलाव 4 फरवरी तक बना रह सकता है। तराई इलाकों में बारिश के साथ कोहरे का असर भी देखने को मिलेगा।
ओलावृष्टि की चेतावनी वाले जिले
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, जालौन, झांसी, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, हमीरपुर, महोबा, ललितपुर और आसपास के क्षेत्र।
तेज झोंकेदार हवाओं की संभावना (40–50 किमी/घंटा)
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, जालौन, झांसी और आसपास के इलाके।
बिजली गिरने का अलर्ट
बांदा, फतेहपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के इलाके।
