• Banaras Now, Varanasi
  • March 5, 2026

UP Weather: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। बीते एक सप्ताह से अवध समेत प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह घने कोहरे के बावजूद करीब नौ बजे तक धूप निकल आ रही थी, लेकिन सोमवार को हालात बदले नजर आए। कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहे, जबकि राजधानी लखनऊ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विभाग पहले ही 20 जनवरी के बाद प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना जताते हुए चेतावनी जारी कर चुका है।

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय प्रभाव के चलते आगामी 48 घंटों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, कोहरे की तीव्रता में क्रमिक कमी आने के बाद 22 जनवरी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर शुरू हो सकता है। प्रदेश में सबसे अधिक ठंड हरदोई में महसूस की गई, जहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके बाद फुर्सतगंज में 3.7 डिग्री, जबकि बाराबंकी, मेरठ और अयोध्या में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री रहा। सोमवार को भी कई इलाकों में कोहरे का असर बना रहने की संभावना है।

आने वाले दिनों में बदलेगा तापमान का रुख

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के असर से बीते दिनों रात के तापमान में हो रही गिरावट अब थमने लगी है और कई स्थानों पर हल्की बढ़ोतरी भी दर्ज की गई है। हालांकि इसके बावजूद प्रदेश के मध्यवर्ती इलाकों—हरदोई, अमेठी, अयोध्या और बाराबंकी—में शनिवार रात आंशिक शीतलहर जैसी स्थिति बनी रही।

Also Read: 23 या 24 जनवरी? जानें बसंत पंचमी की सही तारीख, सरस्वती पूजा का शुभ मुहूर्त और पीले रंग का महत्व

मौसम विभाग का कहना है कि हवा की दिशा में बदलाव के कारण अगले 24 से 48 घंटों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इससे रात की ठंड और शीतलहर से कुछ राहत मिलने के आसार हैं। साथ ही सोमवार सुबह से प्रदेशभर में छाए घने से बहुत घने कोहरे की तीव्रता धीरे-धीरे कम हो सकती है और 20 जनवरी के बाद इसके खत्म होने की संभावना है।

इन जिलों में बारिश और घने कोहरे का अलर्ट
आगामी सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 22 जनवरी के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश शुरू होने के संकेत हैं, जो आगे चलकर पूर्वी यूपी तक भी पहुंच सकती है। रविवार सुबह कोहरे के कारण कई जिलों में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। मुरादाबाद, अलीगढ़, गाजियाबाद, बरेली, आजमगढ़, गोरखपुर, बाराबंकी और कानपुर में शून्य दृश्यता दर्ज की गई। वहीं फुर्सतगंज में 10 मीटर, बलिया और बहराइच में 20 मीटर, सुल्तानपुर और फतेहगढ़ में 30 मीटर तथा लखनऊ, हरदोई और वाराणसी में 50 मीटर तक दृश्यता रही।

मौसम विभाग ने गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, अंबेडकरनगर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर समेत आसपास के इलाकों में घने कोहरे की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।

Author

thefrontfaceindia@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *