वाराणसी। उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सरकार पुलिस व्यवस्था के आधुनिकीकरण पर लगातार जोर दे रही है। इसी क्रम में वाराणसी के छह थानों को जल्द ही नए और आधुनिक प्रशासनिक भवनों की सौगात मिलने जा रही है। जर्जर हो चुके पुराने थानों की जगह अब सुविधाओं से लैस अत्याधुनिक भवन बनाए जा रहे हैं, जिससे पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा और आम जनता को भी सुविधाएं मिलेंगी।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के अनुसार, शिवपुर, फूलपुर, लालपुर पांडेयपुर, मिर्जामुराद, राजातालाब और बड़ागांव थानों के भवन भूतल प्लस दो मंजिला स्वरूप में तैयार किए जा रहे हैं। इन भवनों के निर्माण में पुलिसकर्मियों की जरूरतों के साथ-साथ आम नागरिकों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
आगंतुकों के लिए विजिटर रूम और शिकायत कक्ष की व्यवस्था की जा रही है, ताकि लोगों की समस्याओं को व्यवस्थित तरीके से सुना जा सके। महिला सुरक्षा और सुविधाओं को भी विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।
थानों में उपलब्ध होंगी प्रमुख सुविधाएं:
- एसएचओ कक्ष
- सब-इंस्पेक्टर कक्ष
- हेड कांस्टेबल कक्ष
- जवानों के लिए बैरक
- स्टाफ रूम
- विजिटर रूम
- शिकायत कक्ष
- महिला रेस्ट रूम
- महिला व पुरुष हवालात
- मालखाना
- कंप्यूटर सर्वर रूम
- डायल 112 कक्ष
- मीटिंग हॉल
- किचन व डाइनिंग हॉल
- स्टोर रूम
- रिक्रिएशन रूम
- इंटेरोगेशन रूम
प्रत्येक थाने का निर्माण लगभग 2582.77 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में किया जा रहा है। इन छह थानों के निर्माण पर लगभग 2922.77 लाख रुपये की लागत आएगी और इनके अगस्त-सितंबर 2026 तक पूरा होने की संभावना है।
बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर से पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता और मनोबल में वृद्धि होगी, जिससे कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सकेगा।
u
