• Banaras Now, Varanasi
  • March 5, 2026

वाराणसी: शहर में ऑनलाइन ठगी के दो चौंकाने वाले मामले सामने आए हैं। एक मामले में क्रिप्टो निवेश के नाम पर महमूरगंज के एक कारोबारी से करीब सवा करोड़ रुपये ऐंठ लिए गए, जबकि शिवपुर क्षेत्र में एक महिला के खाते से संदिग्ध लिंक पर क्लिक करते ही 5.68 लाख रुपये ट्रांसफर हो गए। दोनों घटनाओं की शिकायत साइबर थाने में दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

इंस्टाग्राम चैट से शुरू हुआ करोड़ों का जाल

झूलेलाल नगर, महमूरगंज निवासी कारोबारी रोहित डोडवानी ने पुलिस को बताया कि दिसंबर माह में इंस्टाग्राम पर एक युवती ने उनसे संपर्क किया। उसने खुद को क्रिप्टो ट्रेडिंग विशेषज्ञ बताते हुए कम समय में कई गुना मुनाफे का भरोसा दिलाया।

बाद में व्हाट्सऐप पर बातचीत शुरू हुई और एक ट्रेडिंग लिंक भेजा गया। 19 दिसंबर से 9 फरवरी के बीच पीड़ित ने अलग-अलग किश्तों में करीब 1.25 करोड़ रुपये निवेश कर USDT (टेदर) खरीदा।

जब रकम निकालने की कोशिश की गई तो निकासी असफल रही। ठगों ने प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 1.25 लाख रुपये और जमा करा लिए, लेकिन इसके बावजूद पैसा वापस नहीं मिला। इसके बाद आरोपी ने और निवेश करने का दबाव बनाया। संदेह होने पर जब पीड़ित ने जांच की तो इंस्टाग्राम आईडी और व्हाट्सऐप नंबर बंद मिले।

पुलिस ट्रांजेक्शन डिटेल और मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

फेसबुक लिंक बना जाल, महिला के खाते से लाखों पार

दूसरी घटना शिवपुर थाना क्षेत्र के दांदूपुर की है। यहां शिल्पा सिंह फेसबुक अकाउंट सेट कर रही थीं। इसी दौरान एक संदिग्ध लिंक सामने आया। जैसे ही उन्होंने उस पर क्लिक किया, मोबाइल की स्क्रीन ब्लैक हो गई।

फोन रीस्टार्ट करने पर बैंक खाते से लगातार रकम कटने के मैसेज आने लगे। कुल 5,68,997 रुपये दस अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए अन्य खातों में भेज दिए गए।

मामले की सूचना मिलते ही साइबर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

साइबर ठगी से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां

  • सोशल मीडिया पर मिलने वाले निवेश ऑफर पर तुरंत भरोसा न करें
  • किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें
  • OTP, बैंक डिटेल या निजी जानकारी साझा न करें
  • निवेश से पहले कंपनी और प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता जांचें
  • ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें

तेजी से बढ़ रहे ऑनलाइन फ्रॉड

विशेषज्ञों के अनुसार, सोशल मीडिया के माध्यम से क्रिप्टो निवेश और फेक लिंक के जरिए ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। आसान और त्वरित मुनाफे का लालच लोगों को साइबर अपराधियों के जाल में फंसा रहा है।

पुलिस ने आम नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।

Author

thefrontfaceindia@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *