वाराणसी। रंगों के पर्व होली के शांतिपूर्ण समापन के बाद वाराणसी में प्रशासनिक अधिकारियों ने भी पूरे उत्साह के साथ होली का जश्न मनाया। इस दौरान वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार और पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाते और होली की मस्ती में डूबे नजर आए।
सामने आई तस्वीरों में दोनों अधिकारी रंगों से सराबोर होकर होली का आनंद लेते दिखे। खास बात यह रही कि डीएम और पुलिस कमिश्नर रंगों से भरे टब में भी मस्ती करते नजर आए, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

अफसरों ने एक-दूसरे को दी होली की शुभकामनाएं
होली के बाद आयोजित इस अनौपचारिक मिलन कार्यक्रम में प्रशासन और पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। इस दौरान हंसी-मजाक और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

रंगों के टब में दिखी अनोखी मस्ती
कार्यक्रम के दौरान का एक दिलचस्प दृश्य तब सामने आया जब डीएम और पुलिस कमिश्नर रंगों से भरे टब में उतरकर होली की मस्ती करते नजर आए। प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच इस तरह का हल्का-फुल्का माहौल लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।


शांतिपूर्ण होली के बाद जश्न
गौरतलब है कि वाराणसी में होली को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। जगह-जगह निगरानी और सुरक्षा के बीच त्योहार शांति और भाईचारे के साथ मनाया गया। ड्यूटी पूरी होने के बाद अधिकारियों ने भी आपसी सौहार्द के साथ होली का आनंद लिया।



इस मौके पर अधिकारियों ने लोगों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश देता है। वाराणसी में होली के बाद भी रंगों और उत्साह का माहौल बना हुआ है।
