वाराणसी: शहर के तुलसी घाट पर रविवार सुबह गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। गोरखपुर से वाराणसी घूमने आए परिवार के दो किशोर गंगा में डूब गए। राहत और बचाव अभियान के दौरान एक किशोर का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे की तलाश अभी भी जारी है।
मृतक की पहचान गोरखपुर जिले के कौड़ीराम निवासी 18 वर्षीय निखिल के रूप में हुई है। वहीं 12 वर्षीय आयुष अब भी लापता है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची NDRF और जल पुलिस की टीम गंगा में लगातार खोजबीन कर रही है।

परिवार के मुताबिक, गोरखपुर के झंगहा थाना क्षेत्र के डुमरैला गांव निवासी अनिल अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ रविवार को वाराणसी घूमने आए थे। सभी लोग बाबा विश्वनाथ के दर्शन से पहले सुबह करीब 7 बजे तुलसी घाट पर गंगा स्नान करने पहुंचे थे।
स्नान के दौरान अनिल का बेटा आयुष धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर बढ़ने लगा। उसके पीछे उसका मौसेरा भाई निखिल भी था। घाट पर मौजूद लोगों ने दोनों को गहरे पानी में जाने से मना किया, लेकिन वे आगे बढ़ते रहे। इसी दौरान आयुष का संतुलन बिगड़ गया और वह डूबने लगा।
भाई को डूबता देख निखिल उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन उसका भी पैर फिसल गया और दोनों गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते दोनों किशोर पानी में समा गए। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और परिजन रोने-चिल्लाने लगे।

सूचना मिलने पर NDRF और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने निखिल का शव बाहर निकाल लिया। वहीं आयुष की तलाश के लिए दो टीमें गंगा में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
आयुष के पिता अनिल ने बताया कि बच्चे उनकी आंखों के सामने ही डूब गए। परिवार गंगा स्नान के बाद बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए जाने वाला था, लेकिन अचानक हुए इस हादसे से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
