• Banaras Now, Varanasi
  • March 5, 2026

वाराणसी। वाराणसी कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से शुक्रवार को न्यायालय परिसर में सनसनी फैल गई। रात करीब 1:30 बजे जिला जज के आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ। मामले को गंभीर मानते हुए जिला जज संजीव शुक्ला ने तत्काल परिसर खाली कराने का निर्देश दिया, जिसके बाद अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को बाहर निकाला गया तथा पुलिस ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया।

सूत्रों के मुताबिक, देर रात भेजे गए ईमेल में कचहरी परिसर को निशाना बनाने की बात कही गई थी। सुबह जैसे ही यह सूचना सामने आई, न्यायालय परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। पूर्व की घटनाओं को याद कर अधिवक्ताओं में चिंता और बेचैनी देखी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। जिला जज के निर्देश पर सभी अधिवक्ताओं से परिसर खाली करने का अनुरोध किया गया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर की गहन जांच की। तलाशी के दौरान हर कोने और संदिग्ध वस्तु की सावधानीपूर्वक जांच की गई।

इस संबंध में सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम ने बताया कि सभी अधिवक्ताओं को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी धमकियां न्यायिक व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं।

सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश

जिला जज ने घटना की जानकारी जिला प्रशासन और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दे दी है। साथ ही न्यायालय परिसर की सुरक्षा और कड़ी करने के निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने का निर्णय लिया है।

Author

thefrontfaceindia@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *