• Banaras Now, Varanasi
  • March 19, 2026

वाराणसी। कचहरी क्षेत्र में अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सख्त रुख अपनाया है। बृहस्पतिवार को निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अब गलत तरीके से खड़े वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और पार्किंग केवल निर्धारित ग्रीन लाइन के भीतर ही करनी होगी।

अव्यवस्था पर जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने कचहरी परिसर और आसपास की संवेदनशील सड़कों पर बेतरतीब खड़े वाहनों को देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद यातायात पुलिस और पार्किंग ठेकेदारों को तुरंत अतिक्रमण हटाने और व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

रोजाना भारी भीड़, जरूरी है बेहतर व्यवस्था

मोहित अग्रवाल ने कहा कि कचहरी क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में वकील, वादकारी और आम नागरिक आते हैं। ऐसे में सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखना बेहद जरूरी है, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और कानून-व्यवस्था बनी रहे।

चालान और सख्त कार्रवाई के निर्देश

पुलिस आयुक्त ने कहा कि यह अभियान नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन इसे और प्रभावी बनाया जा रहा है। गलत तरीके से पार्क किए गए वाहनों के खिलाफ चालान सहित सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मल्टीलेवल पार्किंग का विस्तार

उन्होंने जानकारी दी कि सर्किट हाउस के पास स्थित मल्टीलेवल पार्किंग की क्षमता बढ़ाई जा रही है। इसके तहत करीब 1500 अतिरिक्त वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी, जिससे कचहरी क्षेत्र में पार्किंग की समस्या में राहत मिलेगी।

जल्द दिखेगा सुधार

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त, यातायात पुलिस के अधिकारी और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस आयुक्त ने भरोसा दिलाया कि आने वाले दिनों में कचहरी क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में स्पष्ट सुधार देखने को मिलेगा।

Author

thefrontfaceindia@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *