वाराणसी। वरुणा पार क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लंबे समय से उठ रही मांग को देखते हुए वाराणसी-लखनऊ वरुणा एक्सप्रेस का ठहराव अब शिवपुर रेलवे स्टेशन पर भी किया जाएगा।
प्रदेश सरकार के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल के प्रयासों से यह सुविधा शुरू होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिशा-निर्देश और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की सहमति के बाद ट्रेन संख्या 20401 वाराणसी-लखनऊ वरुणा एक्सप्रेस का ठहराव 6 मार्च, शुक्रवार से शिवपुर रेलवे स्टेशन पर होगा।
इस अवसर पर 6 मार्च को सुबह 5:45 बजे शिवपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में मंत्री रविन्द्र जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे और ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर उसके गंतव्य के लिए रवाना करेंगे।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन संख्या 20402 लखनऊ-वाराणसी वरुणा एक्सप्रेस भी वाराणसी आते समय शिवपुर रेलवे स्टेशन पर रुकेगी। इससे वरुणा पार क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधे ट्रेन सुविधा का लाभ मिलेगा और उन्हें शहर के अन्य स्टेशनों तक जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शिवपुर स्टेशन पर वरुणा एक्सप्रेस का ठहराव शुरू होने से क्षेत्र के यात्रियों को लखनऊ और आसपास के शहरों तक यात्रा करने में काफी सुविधा होगी।
