वाराणसी। कचहरी स्थित राजकीय अलंकृत उद्यान कम्पनी बाग में 21 और 22 फरवरी को दो दिवसीय मण्डलीय शाकभाजी, फल एवं पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शनी का उद्घाटन 21 फरवरी को प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्टाम्प, न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन द्वारा किया जाएगा, जबकि 22 फरवरी को अपराह्न 02:00 बजे महापौर समापन समारोह एवं पारितोषिक वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

प्रदर्शनी प्रतिदिन प्रातः 08:00 बजे से रात्रि 09:00 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी। आयोजन के साथ दो दिवसीय कृषक गोष्ठी भी होगी, जिसमें किसानों को शाकभाजी, फल, पुष्प उत्पादन, मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन, ग्रीन हाउस खेती एवं आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी वैज्ञानिकों द्वारा दी जाएगी।
प्रदर्शनी को 18 वर्गों एवं 154 श्रेणियों में विभाजित किया गया है। विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमशः ₹700, ₹500 एवं ₹400, स्मृति चिन्ह और प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
आयोजन को आकर्षक बनाने के लिए सहज योग सत्र, नेचर बेस्ड गतिविधियां, फ्लावर स्टॉल, वैदिक गणित, फेस पेंटिंग, फ्लावर पॉट पेंटिंग, आर्ट एवं क्राफ्ट, हेल्दी बेबी शो, फूड कोर्ट, बनारसी व्यंजन, टेरारियम, वर्टिकल गार्डन, रंगोली एवं विशेष सेल्फी प्वाइंट भी तैयार किए जाएंगे।
कृषक गोष्ठी में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान वाराणसी तथा कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक आधुनिक कृषि तकनीकों पर मार्गदर्शन देंगे।
