• Banaras Now, Varanasi
  • March 5, 2026

वाराणसी। नगर निगम ने बकाया राजस्व की वसूली को लेकर सख्ती और तेज कर दी है। भैंसा वाड़ा और नया चौक क्षेत्र की 70 दुकानों को दोबारा नोटिस जारी करते हुए निगम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर बकाया किराया जमा नहीं किया गया, तो दुकानों का आवंटन निरस्त कर पुलिस बल की सहायता से उन्हें खाली कराया जाएगा। इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है।

नगर निगम ने किराया भुगतान की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए इसे पूरी तरह डिजिटल कर दिया है। सभी दुकानों पर क्यूआर कोड की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, ताकि दुकानदार ऑनलाइन माध्यम से आसानी से भुगतान कर सकें। इसके बावजूद कई दुकानदार लगातार किराया जमा करने में लापरवाही बरत रहे हैं।

सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव ने बताया कि इससे पहले लगभग 600 दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन चेतावनी के बावजूद भुगतान न होने पर अब सीधे कड़ी कार्रवाई का निर्णय लिया गया है।

नगर निगम के अनुसार जिन 70 दुकानों को दोबारा नोटिस भेजा गया है, उन पर कुल 28 लाख 57 हजार 693 रुपये का किराया बकाया है। इसमें भैंसा वाड़ा क्षेत्र की 25 दुकानों पर 14 लाख 36 हजार 631 रुपये और नया चौक क्षेत्र की 45 दुकानों पर 14 लाख 21 हजार 062 रुपये का बकाया शामिल है। ये दुकानदार लंबे समय से किराया नहीं जमा कर रहे हैं।

सहायक नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि संबंधित दुकानदारों को अंतिम रूप से तीन दिन की मोहलत दी गई है। निर्धारित समय सीमा में भुगतान न होने पर दुकानों का आवंटन निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद भी सहयोग न मिलने की स्थिति में पुलिस बल की मौजूदगी में दुकानों को खाली कराकर नगर निगम अपने कब्जे में ले लेगा।

नगर निगम के पास शहरभर में लगभग 1800 दुकानें हैं और अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम की सख्ती का असर राजस्व वसूली पर भी साफ नजर आ रहा है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में जहां दुकानों से केवल 80 लाख रुपये की वसूली हुई थी, वहीं 2024-25 में यह बढ़कर 2.72 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 3.80 करोड़ रुपये की वसूली हो चुकी है। इस प्रकार पिछले तीन वर्षों में दुकान किराए से होने वाली आय में लगभग पौने पांच गुना वृद्धि दर्ज की गई है।

नगर निगम अधिकारियों ने साफ किया है कि बकाया भुगतान को लेकर आगे भी सख्त रुख अपनाया जाएगा।

Author

thefrontfaceindia@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *