• Banaras Now, Varanasi
  • March 19, 2026

वाराणसी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा 14 और 15 मार्च को आयोजित होने वाली पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए मंगलवार को यातायात पुलिस लाइन सभागार में ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा ने की।

बैठक में जोनल, सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक तथा सह केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा को पूरी शुचिता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाए।

Advertisement

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 46 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी मजिस्ट्रेट परीक्षा के दौरान अपने-अपने केंद्रों पर अनिवार्य रूप से मौजूद रहें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि परीक्षा से पहले केंद्रों को पूरी तरह से सेनेटाइज कराया जाए और सभी कक्ष निरीक्षकों तथा अधीनस्थ कर्मचारियों की ब्रीफिंग कर दी जाए। उन्हें परीक्षा के नियमों, प्रक्रिया और अनुशासन से जुड़ी जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से बताया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग सही ढंग से की जाए और डीवीआर के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटोकॉपी की दुकानें परीक्षा के समय बंद रहें।

उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग की जाए। किसी भी अभ्यर्थी को मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा कक्ष में ले जाने की अनुमति न दी जाए। अभ्यर्थियों के लिए क्लॉक रूम में मोबाइल फोन रखने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

बैठक में भर्ती बोर्ड से आए सदस्यों ने परीक्षा के दौरान अपनाई जाने वाली सभी प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने सील बुकलेट खोलने, प्रश्नपत्र वितरण, अनुपस्थित अभ्यर्थियों का रिकॉर्ड, वेरिफिकेशन शीट भरने और वीडियो रिकॉर्डिंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से बताया।

इस अवसर पर एडीएम (सिटी) आलोक कुमार वर्मा सहित परीक्षा से जुड़े सभी सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Author

thefrontfaceindia@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *