वाराणसी। देव दीपावली के अवसर पर इस बार काशी के घाटों पर दीपों की जगमगाहट के साथ आधुनिक तकनीक का अद्भुत नजारा भी देखने को मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार काशी की प्राचीन धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को दुनिया के सामने नए अंदाज में प्रस्तुत करने की तैयारी कर रही है। इसके तहत चेत सिंह घाट पर 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर और मल्टीमीडिया तकनीक से सुसज्जित भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यहां 25 मिनट का विशेष ‘काशी-कथा’ शो पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण रहेगा। इस प्रस्तुति के माध्यम से काशी के पौराणिक इतिहास, भगवान शिव की नगरी की आध्यात्मिक महत्ता और सनातन परंपराओं को रोचक दृश्य-श्रव्य माध्यम से दर्शाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष देव दीपावली का पर्व 24 नवंबर को मनाया जाएगा।

ऐतिहासिक घाटों की इमारतों पर दिखाई देगी काशी की गौरवगाथा
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के अनुसार, इस बार देव दीपावली का आयोजन पारंपरिक दीपोत्सव और गंगा आरती के साथ आधुनिक तकनीकी प्रस्तुतियों के लिए भी खास होगा। गंगा किनारे मौजूद सदियों पुरानी ऐतिहासिक इमारतों को प्रोजेक्शन मैपिंग के जरिए एक विशाल स्क्रीन के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। इन पर काशी की धार्मिक मान्यताओं, पौराणिक कथाओं, आध्यात्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक इतिहास को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया जाएगा। इससे घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को काशी के गौरवशाली अतीत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
3D तकनीक और अनमॉर्फिक LED स्क्रीन से मिलेगा खास अनुभव
इस वर्ष के आयोजन में अत्याधुनिक अनमॉर्फिक एलईडी स्क्रीन के साथ 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग का इस्तेमाल किया जाएगा। डिजिटल स्क्रीन पर उभरने वाले त्रिआयामी दृश्य और ऐतिहासिक भवनों पर पड़ने वाली रोशनी मिलकर एक ऐसा प्रभाव पैदा करेंगे, जिससे पूरी इमारतें जीवंत दिखाई देंगी। तकनीक के इस अनूठे प्रयोग से दर्शकों को ऐसा महसूस होगा, जैसे काशी का इतिहास उनकी आंखों के सामने साकार हो रहा हो। पिछले आयोजनों की तुलना में इस बार प्रस्तुति को और अधिक आकर्षक एवं प्रभावशाली बनाने की तैयारी है।
शंखनाद और डमरू की ध्वनि के साथ शुरू होगी काशी-कथा
चेत सिंह घाट पर आयोजित होने वाले 25 मिनट के शो का शुभारंभ शंखनाद और डमरू की गूंज के साथ किया जाएगा। इसके जरिए भगवान शिव और काशी की आध्यात्मिक पहचान को दर्शाया जाएगा। कार्यक्रम में भगवान गणेश से जुड़े प्रसंग, शिव-पार्वती विवाह की कथा और देव दीपावली की पौराणिक मान्यताओं को विशेष रूप से प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके अलावा मां गंगा की महिमा, भगवान विष्णु के चक्र पुष्करिणी कुंड से संबंधित धार्मिक प्रसंगों और गंगा को स्वच्छ रखने के संदेश को भी डिजिटल माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। इस तरह मनोरंजन के साथ दर्शकों को धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संदेश भी मिलेगा।
आठ मिनट के लेजर शो से सजेगी देव दीपावली की शाम
‘काशी-कथा’ की मुख्य प्रस्तुति के बाद लगभग आठ मिनट का विशेष लेजर शो आयोजित किया जाएगा। रंग-बिरंगी लेजर किरणों और मल्टीमीडिया प्रभावों से यह कार्यक्रम और भी भव्य बनेगा।
पर्यटकों और आम नागरिकों के लिए इस पूरे शो का आनंद लेना निःशुल्क रहेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रात 7:20 बजे से इसका प्रदर्शन तीन बार किया जाएगा। इससे अलग-अलग समय पर पहुंचने वाले अधिक से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक इस विशेष आयोजन का हिस्सा बन सकेंगे।
इस बार देव दीपावली पर काशी के घाटों की पारंपरिक भव्यता के साथ डिजिटल तकनीक का मेल देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को एक नया अनुभव देने वाला है।
