धर्म, आस्था और संस्कृति की नगरी काशी में देव दीपावली का उत्सव इस बार तकनीक और आधुनिक रोशनी के अनूठे संगम के साथ और भी आकर्षक होने जा रहा है। गंगा के दोनों किनारे दीपों की रोशनी से जगमगाएंगे, वहीं गंगा पार रेती पर आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से नहाता नजर आएगा। योगी सरकार की ओर से आयोजन को भव्य बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। इस दौरान ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो, लेजर लाइट और संगीत का शानदार संयोजन पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा।

शिव भजनों की धुन पर आसमान में होगा 10 मिनट का विशेष आतिशबाजी शो
गंगा पार रेती पर आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम में भगवान शिव के भजनों के साथ ग्रीन आतिशबाजी का प्रदर्शन किया जाएगा। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के अनुसार, लगभग 10 मिनट तक चलने वाले इस शो में नौ से दस संगीत ट्रैक शामिल होंगे। इनमें ‘हर-हर महादेव शंभू’, ‘डमरू बजाया भोलेनाथ ने’, ‘शिव तांडव स्तोत्रम्’, ‘मेरा भोला है भंडारी’ और ‘महाकाल’ जैसे लोकप्रिय शिव भजनों की धुन पर आतिशबाजी की जाएगी।
संगीत की लय के साथ आसमान में अलग-अलग रंगों और आकर्षक आकृतियों का निर्माण होगा। इससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आध्यात्मिक माहौल के बीच आधुनिक तकनीक से सजे रोशनी के भव्य प्रदर्शन का अनुभव मिलेगा।
काशी विश्वनाथ धाम के सामने रात 8:30 बजे से शुरू होगा शो
24 नवंबर को देव दीपावली के अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार के ठीक सामने गंगा पार रेती पर विशेष आयोजन प्रस्तावित है। यहां रात 8:30 बजे से 8:40 बजे तक 10 मिनट का ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो आयोजित किया जाएगा।

इस कार्यक्रम में लेजर लाइट, संगीत और आतिशबाजी को एक साथ प्रस्तुत किया जाएगा। योगी सरकार की ओर से देव दीपावली को और दिव्य स्वरूप देने के लिए घाटों पर 11 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने की तैयारी है। इसके साथ ही इस तरह के विशेष आयोजन उत्सव की भव्यता को और बढ़ाएंगे।
500 से 600 फीट की ऊंचाई तक पहुंचेंगे आतिशबाजी के गोले
ऐक्सिस कम्युनिकेशन के वाइस प्रेसिडेंट संजय प्रताप सिंह ने बताया कि इस बार देव दीपावली के आयोजन में भारत में पहली बार 8 इंच के विशेष आतिशबाजी शेल्स का इस्तेमाल किया जाएगा। इनके जरिए आसमान में रंग बदलने वाली कई आकर्षक आकृतियां और ज्यामितीय डिजाइन तैयार किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इन शेल्स से निकलने वाले आतिशबाजी के गोले करीब 500 से 600 फीट की ऊंचाई तक पहुंचेंगे। जमीन पर इनका फैलाव लगभग 1,200 फीट चौड़ा होगा, जबकि आसमान में पहुंचने के बाद इनका विस्तार करीब 1,600 से 1,800 फीट तक हो जाएगा। इस कारण रोशनी का यह नजारा काफी दूर से भी देखा जा सकेगा।
आयोजकों के अनुसार, ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स को प्रदूषण रहित तकनीक से तैयार किया गया है। माल्टा की आतिशबाजी से प्रेरित इस शो में कई तरह के विशेष पैटर्न और रंगीन आकृतियां दिखाई देंगी। आधुनिक तकनीक के जरिए तैयार यह प्रदर्शन पारंपरिक आतिशबाजी से अलग अनुभव देने की तैयारी में है।
लेजर लाइट, शिव संगीत और रोशनी से जगमगाएगा गंगा का आसमान
कार्तिक पूर्णिमा की रात गंगा पार रेती पर होने वाला लेजर शो भी लोगों के लिए खास आकर्षण होगा। आसमान में लेजर की रंगीन किरणों के साथ संगीत और आतिशबाजी का तालमेल देखने को मिलेगा। भगवान शिव के भजनों की धुन के बीच आसमान में बनती रंग-बिरंगी आकृतियां उत्सव को यादगार बनाएंगी।
गंगा के पानी में इन रोशनियों और आतिशबाजी का प्रतिबिंब पूरे दृश्य की सुंदरता को कई गुना बढ़ा देगा। श्रद्धालु और पर्यटक गंगा के दोनों किनारों से घाटों की भव्य गंगा आरती के साथ गंगा पार आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का आनंद ले सकेंगे।
लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना, सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
देव दीपावली अब केवल काशी का धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि देश-विदेश के पर्यटकों के लिए भी एक प्रमुख आकर्षण बन चुकी है। हर साल इस आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक वाराणसी पहुंचते हैं। इस बार भी लाखों लोगों के आगमन की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष योजना बनाई जा रही है। प्रमुख घाटों, सड़कों और आयोजन स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। काशी की देव दीपावली इस बार परंपरा, आध्यात्मिकता और आधुनिक तकनीक के संगम के रूप में एक बार फिर दुनिया भर के लोगों का ध्यान आकर्षित करने की तैयारी में है।
