वाराणसी। धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में मंगलवार को देव दीपावली का पर्व बेहद भव्य तरीके से मनाया गया। कार्तिक पूर्णिमा की शाम गंगा के 84 घाट लाखों दीपों की रोशनी से जगमगा उठे। गंगा की लहरों पर तैरते दीपों और रोशनी से सजे घाटों का अलौकिक नजारा देखने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक वाराणसी पहुंचे।
इस बार देव दीपावली पर गंगा के 84 घाटों को करीब 11 लाख दीयों से सजाया गया। आयोजन को देखने के लिए लगभग 15 लाख पर्यटकों के पहुंचने का अनुमान रहा। खास बात यह रही कि 40 देशों से आए मेहमान भी काशी के इस अद्भुत दीपोत्सव के साक्षी बने।
2100 ड्रोन से आसमान में दिखाई गई भगवान शिव की लीला
इस वर्ष देव दीपावली का प्रमुख आकर्षण 2100 ड्रोन का विशेष शो रहा। गंगा पार रेती पर आयोजित इस कार्यक्रम में ड्रोन के जरिए भगवान शिव की विभिन्न लीलाओं को आसमान में जीवंत किया गया। शिव के गले में सर्प, हाथों में त्रिशूल और जटाओं से निकलती मां गंगा की मनमोहक आकृति ने दर्शकों का ध्यान खींचा। आसमान में बनती इन आकृतियों को देखकर घाटों पर मौजूद लोग रोमांचित नजर आए।

गंगा पार हुई ग्रीन आतिशबाजी, रोशनी से नहाया आसमान
ड्रोन शो के बाद गंगा पार रेती पर शानदार आतिशबाजी का आयोजन किया गया। हरे रंग की रोशनी और रंग-बिरंगी आतिशबाजी से काशी का आसमान जगमगा उठा। गंगा की लहरों पर आतिशबाजी की चमक का प्रतिबिंब बेहद आकर्षक दिखाई दिया। इस नजारे को पर्यटकों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।

चेत सिंह घाट पर 3D प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो
देव दीपावली के अवसर पर चेत सिंह घाट पर 3D प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो भी आकर्षण का केंद्र रहा। करीब 25 मिनट के इस विशेष कार्यक्रम में आधुनिक तकनीक के माध्यम से काशी की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया गया। ऐतिहासिक चेत सिंह किले पर दिखाई गई रंगीन रोशनी और दृश्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को आकर्षित किया।

51 हजार दीपों से सजा दशाश्वमेध घाट, 21 अर्चकों ने की गंगा आरती
दशाश्वमेध घाट पर देव दीपावली की विशेष गंगा महाआरती का आयोजन हुआ। घाट को 21 क्विंटल फूलों और 51 हजार दीपों से सजाया गया था। इस दौरान 21 अर्चकों और 42 देव कन्याओं ने वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और डमरू की गूंज के बीच मां गंगा की आरती की। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के शहीदों को भी श्रद्धांजलि दी गई।

काशी विश्वनाथ धाम में भी दिखी दीपोत्सव की भव्यता
देव दीपावली पर श्री काशी विश्वनाथ धाम को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया। मंदिर परिसर में फूलों, दीपों और विद्युत झालरों से विशेष सजावट की गई। बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं में पर्व को लेकर खास उत्साह देखने को मिला।
पुष्कर तालाब पर 2100 दीपों से काशी की विभूतियों को नमन
पुष्कर तालाब पर भी देव दीपावली के अवसर पर विशेष दीपोत्सव आयोजित किया गया। यहां काशी की महान विभूतियों की स्मृति में 2100 दीप प्रज्ज्वलित किए गए। पंडित मदन मोहन मालवीय, गिरिजा देवी, उस्ताद बिस्मिल्लाह खान और पंडित किशन महाराज सहित कई महान हस्तियों को दीपों के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद भगवान ब्रह्मा की विशेष आरती हुई।
काशी की देव दीपावली में इस बार परंपरा और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिला। एक ओर 84 घाटों पर लाखों दीपों की रोशनी ने आध्यात्मिक वातावरण बनाया, तो दूसरी ओर ड्रोन शो, लेजर और ग्रीन आतिशबाजी ने इस उत्सव को यादगार बना दिया। गंगा की लहरों पर झिलमिलाते दीपों और रोशनी से सजे घाटों का नजारा देर रात तक लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
