वाराणसी। धर्म, अध्यात्म और आस्था की नगरी काशी एक बार फिर देव दीपावली के भव्य आयोजन के लिए तैयार हो रही है। 24 नवंबर 2026 को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर काशी के गंगा घाटों पर लाखों दीपों की रोशनी से अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। आदि केशव घाट से लेकर सामने घाट तक गंगा के दोनों किनारे दीपों से जगमगाएंगे। इस बार शहर के 84 प्रमुख घाटों के साथ गंगापार की रेती पर भी बड़े पैमाने पर दीपदान किया जाएगा। इसके अलावा प्राचीन कुंडों, तालाबों, पोखरों, मंदिरों और मठों में भी दीपोत्सव की विशेष तैयारियां की जा रही हैं। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए काशी की यह अलौकिक छटा आकर्षण का केंद्र रहेगी।
84 घाटों पर अलग-अलग समितियां करेंगी आयोजन की व्यवस्था
देव दीपावली की तैयारियों को लेकर शनिवार को पराड़कर स्मृति भवन में केंद्रीय देव दीपावली महासमिति की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें महासमिति के संस्थापक अध्यक्ष पंडित नारायण गुरु ने आयोजन से जुड़ी तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार काशी के सभी 84 घाटों पर आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है।
पूरे कार्यक्रम की निगरानी और विभिन्न समितियों के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए 15 सदस्यीय कोर कमेटी भी बनाई गई है। घाटों के अलावा शहर के 102 से अधिक प्राचीन कुंडों और पोखरों पर भी पारंपरिक रूप से दीपोत्सव मनाया जाएगा। वहीं, गंगापार की रेती, सामने घाट और रामनगर घाट पर विशेष दीपदान की व्यवस्था रहेगी।
6 घाटों और 8 हजार दीपों से हुई थी शुरुआत
प्रेस वार्ता में पंडित नारायण गुरु ने देव दीपावली के इतिहास और इसके विस्तार की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि काशी में आधुनिक स्वरूप में देव दीपावली मनाने की शुरुआत वर्ष 1985 में हुई थी। उस समय यह आयोजन केवल छह घाटों तक सीमित था और लगभग आठ हजार दीपक जलाए गए थे।
धीरे-धीरे काशीवासियों और श्रद्धालुओं की भागीदारी बढ़ती गई। वर्ष 1995 तक यह आयोजन 78 घाटों तक पहुंच गया। समय के साथ देव दीपावली का स्वरूप लगातार भव्य होता गया और आज यह काशी के सबसे बड़े धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल हो चुका है। इस उत्सव को देखने के लिए हर साल बड़ी संख्या में देशी और विदेशी पर्यटक वाराणसी पहुंचते हैं।
2011 में गंगापार की रेती पर शुरू हुआ था दीपदान
देव दीपावली का उत्सव अब केवल गंगा के मुख्य घाटों तक सीमित नहीं रह गया है। महासमिति के संस्थापक अध्यक्ष के मुताबिक, वर्ष 2011 में पहली बार गंगापार की रेती पर दीपदान की परंपरा शुरू की गई थी। धीरे-धीरे यह आयोजन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया। आज गंगा के उस पार भी हजारों-लाखों दीपों की रोशनी से मनमोहक दृश्य तैयार होता है।
नर्मदा तट तक पहुंची काशी की देव दीपावली
काशी की देव दीपावली की परंपरा ने दूसरे राज्यों में भी अपनी पहचान बनाई है। वर्ष 2014 में मध्य प्रदेश में मां नर्मदा के तट पर भी काशी की तर्ज पर देव दीपावली मनाने की शुरुआत हुई थी। यह परंपरा आज भी जारी है। इससे काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को दूसरे क्षेत्रों तक पहुंचाने में मदद मिली है।
प्रेस वार्ता के दौरान केंद्रीय देव दीपावली महासमिति के पदाधिकारी, स्थानीय गणमान्य नागरिक और आयोजन से जुड़े कई सदस्य मौजूद रहे।
