वाराणसी में नवंबर के आखिरी सप्ताह के साथ ही ठंड का असर बढ़ने लगा है। सुबह और रात के तापमान में गिरावट से मौसम में ठिठुरन महसूस होने लगी है। गुरुवार सुबह शहर का तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 5 किलोमीटर प्रति घंटे और नमी 62 प्रतिशत रही।
ठंड बढ़ने के साथ शहर की वायु गुणवत्ता भी चिंता का विषय बनी हुई है। वाराणसी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 267 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। ऐसे में मौसम के साथ प्रदूषित हवा भी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
अगले 48 घंटे में और गिर सकता है तापमान
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम तंत्र प्रभावी नहीं है। सतह पर चल रही शुष्क और ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण पिछले कुछ दिनों से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
उनके मुताबिक, अगले 48 घंटे के दौरान तापमान में मामूली और गिरावट होने की संभावना है। इससे ठंड का असर बढ़ सकता है। सुबह के समय शहर और आसपास के क्षेत्रों में हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति भी देखने को मिल सकती है।
कोहरे और ठंड का फसलों पर पड़ सकता है असर
मौसम में बदलाव का असर खेती-किसानी पर भी दिखाई दे सकता है। सुबह कोहरा छाने और तापमान में गिरावट से आलू, सरसों, मटर और गेहूं की फसलों पर प्रभाव पड़ने की आशंका है।
हालांकि, हल्की ठंड गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद मानी जाती है। इससे फसल की बढ़वार में मदद मिलती है। दूसरी ओर, लगातार घना कोहरा रहने और पर्याप्त धूप नहीं मिलने से आलू और सरसों की फसलों में रोग और कीटों का खतरा बढ़ सकता है।
किसानों को फसलों की निगरानी करने की सलाह
मौसम में बदलाव को देखते हुए किसानों को खेतों में नमी बनाए रखने और जरूरत के अनुसार सिंचाई करने की सलाह दी गई है। आलू और सरसों की फसल में रोग के लक्षण दिखाई देने पर कृषि विशेषज्ञों से परामर्श लेने को कहा गया है।
इसके साथ ही किसानों को फसलों की नियमित निगरानी करने की जरूरत है, ताकि मौसम के कारण होने वाले संभावित नुकसान से समय रहते बचाव किया जा सके।
