• Banaras Now, Varanasi
  • March 19, 2026

शामली: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा घोषित सिविल सेवा परीक्षा के परिणाम में शामली जनपद के कांधला कस्बे की रहने वाली आस्था जैन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया 9वीं रैंक हासिल की है। आस्था की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और उनके घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

आस्था जैन इससे पहले दो बार यूपीएससी की परीक्षा दे चुकी थीं। पहले प्रयास में उन्होंने 131वीं रैंक हासिल कर भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में स्थान प्राप्त किया था और उन्हें राजस्थान कैडर मिला था। दूसरे प्रयास में उनकी रैंक 186 आई, लेकिन उनका लक्ष्य आईएएस अधिकारी बनना था। इसी जुनून के साथ उन्होंने तीसरी बार परीक्षा दी और इस बार टॉप-10 में जगह बनाते हुए ऑल इंडिया 9वीं रैंक हासिल कर अपना सपना साकार कर लिया।

फिलहाल आस्था जैन हैदराबाद में आईपीएस की ट्रेनिंग कर रही हैं। उनके चयन की खबर मिलते ही परिवार और क्षेत्र में उत्साह का माहौल बन गया। उनके पिता अजय कुमार जैन कांधला कस्बे के मुहल्ला सरावज्ञान में किराना और कंफेक्शनरी की दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि आस्था बचपन से ही पढ़ाई में बेहद मेधावी रही हैं और उनका लक्ष्य शुरू से ही आईएएस अधिकारी बनने का था।

Advertisement

आस्था की मां ममता जैन ने बताया कि उनकी बेटी ने प्रारंभिक शिक्षा कांधला से प्राप्त की। इसके बाद हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई शामली के स्कॉटिश इंटरनेशनल स्कूल से की। वर्ष 2019 में इंटरमीडिएट की परीक्षा में उन्होंने 500 में से 496 अंक प्राप्त कर सीबीएसई परिणामों में देशभर में चौथा स्थान हासिल किया था।

इसके बाद आस्था ने दिल्ली विश्वविद्यालय से बीए की पढ़ाई पूरी की और वहीं रहकर कोचिंग के साथ-साथ सेल्फ स्टडी और ऑनलाइन माध्यमों से यूपीएससी की तैयारी जारी रखी। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने माता-पिता, बहन आंचल, खुशी, भाई सार्थक और अपने गुरुजनों को दिया है।

परिणाम घोषित होने के बाद आस्था के पिता ने बाजार में मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। मोहल्ले के लोग, रिश्तेदार और परिचित लगातार फोन कर उन्हें बधाई दे रहे हैं। स्कूल के निदेशक राजीव गर्ग समेत कई लोगों ने आस्था की इस उपलब्धि पर गर्व जताया है। वहीं प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर आस्था जैन को बधाई दी है।

Author

thefrontfaceindia@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *