वाराणसी: गंगा नदी के बीच नाव पर आयोजित इफ्तार पार्टी का मामला अब और तूल पकड़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद शुरू हुआ विवाद अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। पुलिस ने पहले अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था, जिसके बाद अब इस मामले में 14 युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

नाव पर इफ्तार पार्टी, वीडियो हुआ वायरल
बताया जा रहा है कि सोमवार शाम गंगा की बीच धारा में नाव पर इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया था। इस दौरान रोजेदारों ने नमाज अदा करने के बाद खजूर और फलों से रोजा खोला और फिर बिरयानी समेत अन्य खाने-पीने की व्यवस्था की गई। इसी दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे विवाद खड़ा हो गया।
गंगा में अवशेष फेंकने का आरोप
आरोप है कि इफ्तार के दौरान नॉनवेज, खासकर चिकन बिरयानी खाई गई और उसके अवशेष गंगा में फेंके गए। इसको लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
BJP और संगठनों का विरोध
मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी और भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध जताया। भाजयुमो के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने कोतवाली थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि यह कृत्य जानबूझकर धार्मिक भावनाएं आहत करने के उद्देश्य से किया गया।
शिकायत में कहा गया कि मां गंगा करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र हैं और वहां इस तरह का कृत्य निंदनीय है। साथ ही आरोप लगाया गया कि भोजन के अवशेष नदी में फेंककर गंगा को अपवित्र किया गया।
नाव चालक पर भी कार्रवाई की मांग
इस मामले में नाव चालक पर भी कार्रवाई की मांग उठी है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से नाव चालक का चालान करने और उसका लाइसेंस रद्द करने की अपील की है।
14 युवक गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। अब वीडियो के आधार पर 14 युवकों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना के बाद शहर में चर्चाएं तेज हो गई हैं और सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर बहस जारी है।
