वाराणसी (Varanasi Tourism) : आगामी 24 नवंबर (कार्तिक पूर्णिमा) को काशी में मनाए जाने वाले भव्य देव दीपावली पर्व की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। गंगा के 84 घाटों की साफ-सफाई और रंग-रोगन के साथ-साथ नावों को सजाने का काम भी तेजी से चल रहा है। इस पावन अवसर पर उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ और होटल-नावों के आसमान छूते किराए को देखते हुए उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग (UPSTDC) ने पहली बार पर्यटकों के लिए ‘देव दीपावली: दिव्य काशी अनुभव‘ नाम से 3 रात और 4 दिन का विशेष टूर पैकेज पेश किया है।
क्या है इस खास पैकेज (Tourism) का पूरा शेड्यूल?
पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार के अनुसार, इस पैकेज का उद्देश्य पर्यटकों को बिना किसी असुविधा के काशी की आध्यात्मिक और ऐतिहासिक विरासत से जोड़ना है।
- पहला दिन: एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन पर पर्यटकों का पारंपरिक स्वागत और होटल में चेक-इन होगा। शाम को श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन और विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती कराई जाएगी।
- दूसरा दिन: सुबह गंगा में नौका विहार के बाद काशी विश्वनाथ, माता विशालाक्षी, माता अन्नपूर्णा और काल भैरव मंदिर के दर्शन करवाए जाएंगे। इसके पश्चात पर्यटकों को सारनाथ का भ्रमण कराया जाएगा।
- तीसरा दिन (मुख्य आकर्षण): देव दीपावली की शाम को पर्यटकों को गंगा की लहरों के बीच नाव से सभी 84 घाटों पर जलने वाले लाखों दीपों की अद्भुत छटा दिखाई जाएगी।
Also Read This: IIT दिल्ली से IPS और फिर AIR-19 के साथ IAS, पहली सफलता पर रुके नहीं; पढ़िए काशी की कमान संभालने वाले IAS शाश्वत त्रिपुरारी का संघर्ष
Varanasi Tourism: तीन श्रेणियों में उपलब्ध है पैकेज और बुकिंग प्रक्रिया
पर्यटकों की सुविधा और बजट को ध्यान में रखते हुए इस 4 दिवसीय पैकेज को तीन कैटेगरी में बांटा गया है (जिसमें ठहरने, घूमने, दर्शन और नौका विहार की सुविधा शामिल है):
- बजट श्रेणी (स्टैंडर्ड होटल): ₹15,999 प्रति व्यक्ति
- डीलक्स श्रेणी (3-स्टार होटल): ₹21,999 प्रति व्यक्ति
- प्रीमियम श्रेणी (4 या 5-स्टार होटल): ₹31,999 प्रति व्यक्ति
इच्छुक श्रद्धालु और पर्यटक पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट upstdc.co.in या हेल्पलाइन नंबर 8303019844 पर संपर्क करके ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।
75% से ज्यादा नावें बुक, गंगा में उतरेंगे 50 से अधिक देसी क्रूज
देव दीपावली के लिए नावों की एडवांस बुकिंग जोरों पर है। नाविक समाज के संगठन मंत्री शंभू साहनी ने जानकारी दी कि अब तक 75 प्रतिशत से अधिक नावें बुक हो चुकी हैं। इस बार छोटी नावों (₹10,000) से लेकर बड़े बजड़ों और लग्जरी क्रूज (₹5 लाख तक) की बुकिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि पहले बनारस में केवल एक-दो क्रूज ही चलते थे, लेकिन इस बार पर्यटकों के आरामदायक सफर के लिए एक और दो मंजिला (वन और टू फ्लोर) वाले 50 से ज्यादा देसी क्रूज तैयार किए गए हैं, जिनका संचालन इस देव दीपावली पर किया जाएगा।
