वाराणसी। नवागत मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन मंगलवार, 17 नवंबर को वाराणसी पहुंचे। पदभार ग्रहण करने से पहले उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और श्री कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार भी उनके साथ मौजूद रहे।
मंदिरों में दर्शन के बाद नवागत मंडलायुक्त ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक आसानी और पारदर्शिता के साथ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही विकास परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराना और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
के. विजयेंद्र पांडियन इससे पहले कानपुर के मंडलायुक्त के पद पर कार्यरत थे। वाराणसी आने से पहले उन्होंने प्रदेश में कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभाली हैं। इनमें गोरखपुर के जिलाधिकारी सहित अन्य प्रमुख पद शामिल हैं।
कौन हैं के. विजयेंद्र पांडियन?
के. विजयेंद्र पांडियन का जन्म 18 जुलाई 1981 को हुआ था। वह उत्तर प्रदेश कैडर के 2008 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उनके पास बीबीए और एलएलबी की डिग्री है। प्रशासनिक सेवा के दौरान वह जिलाधिकारी, निदेशक, उपाध्यक्ष, प्रबंध निदेशक, अतिरिक्त प्रबंध निदेशक, अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी, विशेष सचिव, मुख्य विकास अधिकारी और संयुक्त मजिस्ट्रेट जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
नवागत मंडलायुक्त के सामने अब काशी की विकास परियोजनाओं को गति देने, सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने और जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान की अहम जिम्मेदारी होगी।
