उत्तर प्रदेश में धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार नई योजनाओं पर काम कर रही है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड मिलकर अंतरराज्यीय पर्यटन सर्किट विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं। प्रस्ताव के मुताबिक, यूपी में विकसित किए जा रहे नीब करौरी बाबा पर्यटन सर्किट को उत्तराखंड के प्रसिद्ध कैंची धाम तक जोड़ा जाएगा। इसके अलावा महाभारत सर्किट का दायरा बढ़ाकर उत्तराखंड के महत्वपूर्ण धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को भी इसमें शामिल करने की योजना है। दोनों राज्यों के बीच इस संबंध में समझौता ज्ञापन (एमओयू) किए जाने की तैयारी है।
बुधवार को पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में इन प्रस्तावों सहित प्रदेश में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में पर्यटन विभाग के अपर मुख्य सचिव एवं महानिदेशक अमृत अभिजात भी उपस्थित रहे। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं और परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। साथ ही कार्यों में आने वाली अड़चनों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने और योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

पर्यटन स्थलों पर शोध के आधार पर विकसित होंगी सुविधाएं
बैठक में पर्यटकों की जरूरतों और प्रमुख पर्यटन स्थलों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के लिए शोधार्थियों की मदद लेने का प्रस्ताव रखा गया। इसके तहत पर्यटन अनुसंधान, आंकड़ा एवं दस्तावेजीकरण प्रकोष्ठ के माध्यम से शोधार्थियों को अलग-अलग पर्यटन स्थलों पर तैनात किया जाएगा। वे वहां पर्यटकों की आवश्यकताओं, उपलब्ध सुविधाओं, पर्यटन की संभावनाओं और स्थानीय स्तर पर पड़ने वाले प्रभावों का अध्ययन करेंगे।
विभाग की ओर से निर्मित और निर्माणाधीन पर्यटक सुविधा केंद्रों का ब्योरा पर्यटन मैट्रिक्स पर उपलब्ध कराया गया है। इससे विभिन्न स्थानों पर मौजूद सुविधाओं की समीक्षा करने और जहां नई सुविधाओं की जरूरत है, वहां उनकी पहचान करने में आसानी होगी।
क्यूआर कोड से मिलेगी ऐतिहासिक स्थलों की प्रमाणिक जानकारी
पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों को वहां के इतिहास और महत्व से जुड़ी सही जानकारी देने के लिए परियोजनाओं के शिलालेखों पर क्यूआर कोड लगाने की व्यवस्था की जाएगी। अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने कहा कि किसी भी विरासत स्थल का विकास केवल निर्माण कार्य तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उससे जुड़ा इतिहास और सांस्कृतिक महत्व भी लोगों तक पहुंचना जरूरी है।
उन्होंने निर्देश दिया कि शिलालेखों पर दर्ज की जाने वाली सामग्री को विभागीय समिति से जांच कराने के बाद ही अंतिम रूप दिया जाए। क्यूआर कोड युक्त पट्टिकाओं की उपलब्धता और उनके सही स्थान पर लगाए जाने की जांच परियोजनाओं के मूल्यांकन तथा उपयोगिता प्रमाणपत्र की समीक्षा के दौरान भी की जाएगी।
निषादराज गुहा केंद्र का 95 प्रतिशत काम पूरा
प्रयागराज में निर्माणाधीन निषादराज गुहा सांस्कृतिक केंद्र का लगभग 95 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष काम को दिसंबर 2026 तक समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी तरह लखनऊ स्थित भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय में सौंदर्यीकरण का कार्य भी दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए।
रायबरेली में अवध केसरी राणा बेनी माधव बख्श सिंह पुस्तकालय के पहले चरण का काम पूरा हो चुका है। बैठक में विभिन्न जिलों में स्थापित की जा रही महापुरुषों की प्रतिमाओं की स्थिति की भी समीक्षा हुई। इनमें लखनऊ में पृथ्वीराज चौहान, शाहजहांपुर में महाराणा प्रताप और मिर्जापुर में सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमाएं शामिल हैं। इन सभी कार्यों को दिसंबर के मध्य तक पूरा करने को कहा गया है।
लमही के प्रेमचंद संग्रहालय में सामने आएंगे नए तथ्य
वाराणसी के लमही स्थित मुंशी प्रेमचंद स्मारक संग्रहालय एवं पुस्तकालय को नए शोध के आधार पर विकसित करने की तैयारी है। संग्रहालय निदेशालय की ओर से कराए गए अध्ययन में प्रेमचंद के जीवन और साहित्य से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। अब इन तथ्यों को संग्रहालय में प्रदर्शित करने की योजना बनाई जा रही है।
इससे संग्रहालय पहुंचने वाले लोगों और साहित्य प्रेमियों को मुंशी प्रेमचंद के जीवन से जुड़े ऐसे पहलुओं को जानने का अवसर मिलेगा, जो अभी तक व्यापक रूप से सामने नहीं आ पाए हैं। संग्रहालय में प्रस्तुत की जाने वाली सामग्री की प्रमाणिकता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
वहीं, लखनऊ स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मारक एवं सांस्कृतिक केंद्र का सभागार और अन्य संबंधित कार्य पूरे हो चुके हैं। 30 अक्टूबर को निरीक्षण के बाद इसे संबंधित संस्था को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। परिसर में भवन के बाहरी हिस्से का सुधार और लैंडस्केपिंग का काम भी शामिल है।
फतेहपुर सीकरी में इतिहास को दिखाएगा साउंड एंड लाइट शो
आगरा के ऐतिहासिक स्थल फतेहपुर सीकरी में पर्यटकों को एक नया अनुभव देने के लिए साउंड एंड लाइट शो शुरू करने की योजना बनाई गई है। आगरा विकास प्राधिकरण ने इसके उद्घाटन के लिए 19 नवंबर की तारीख प्रस्तावित की है। हालांकि, कार्यक्रम का आयोजन मंत्री की सहमति मिलने के बाद ही होगा।
इस विशेष प्रस्तुति के माध्यम से ध्वनि और रोशनी के जरिए फतेहपुर सीकरी के गौरवशाली इतिहास को पर्यटकों के सामने जीवंत रूप में पेश किया जाएगा।
इसके अलावा प्रयागराज में पर्यटन बस सेवा शुरू करने की संभावनाओं पर भी काम किया जा रहा है। पहले शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाले मार्ग का चयन किया जाएगा। इसके बाद निर्धारित रूट के अनुसार बस की उपलब्धता और अन्य व्यवस्थाएं तय की जाएंगी।
418 परियोजनाओं के प्रस्तावों की हुई समीक्षा
राज्य योजना के तहत तैयार की जा रही परियोजनाओं की समीक्षा में सामने आया कि 13 नवंबर तक कुल 418 परियोजनाओं के अनुमान विभाग को प्राप्त हुए थे। इनमें से 367 का परीक्षण पूरा किया जा चुका है, जबकि बाकी 51 प्रस्तावों की जांच की प्रक्रिया जारी है।
ग्रामीण पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए तैयार कार्ययोजना में कुल 17 परियोजनाएं शामिल की गई हैं। इनमें से 10 परियोजनाओं के प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं और उनका परीक्षण किया जा रहा है। इन योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की सांस्कृतिक पहचान, स्थानीय विरासत और पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करना है, ताकि गांव भी प्रदेश के पर्यटन मानचित्र पर अपनी जगह बना सकें।
कानपुर में मंदिर और तालाब का होगा कायाकल्प
कानपुर नगर के रावल देवी मंदिर और उससे जुड़े तालाब के सौंदर्यीकरण की योजना पर भी बैठक में चर्चा हुई। इस परियोजना पर करीब 4.85 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए शासनादेश तीन नवंबर को जारी किया जा चुका है।
लखनऊ में प्रस्तावित परंपरा भवन के निर्माण को लेकर पर्यटन विभाग और लखनऊ विकास प्राधिकरण के बीच समन्वय किया जा रहा है। इसके लिए उपयुक्त भूमि और स्थान की तलाश जारी है। योजना के तहत एक ही परिसर में पर्यटन और संस्कृति से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के संचालन की व्यवस्था विकसित की जाएगी।
पर्यटन विभाग की संपत्तियों के बेहतर संचालन पर जोर
बैठक में पर्यटन विभाग की मौजूदा संपत्तियों के पुनर्विकास और संचालन व्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई। आगरा स्थित राजा की मंडी की संपत्ति का पुनर्विकास कर प्रबंधन अनुबंध के जरिए संचालन की योजना बनाई जा रही है।
इसके साथ ही उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) को भदोही की राही संपत्ति और झील महल रेस्टोरेंट के संचालन के लिए प्रबंधन अनुबंध की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
विभागीय कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए वास्तुकारों को पैनल में शामिल करने की प्रक्रिया पर भी विचार किया गया। वहीं, क्षेत्रीय पर्यटन कार्यालयों में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटरों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए मान्यवर कांशीराम पर्यटन प्रबंधन संस्थान में 16 नवंबर से पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
स्वदेश दर्शन 2.0 की परियोजनाओं की भी समीक्षा
बैठक के अंतिम चरण में केंद्र सरकार की स्वदेश दर्शन 2.0 योजना के तहत सहायता प्राप्त परियोजनाओं की प्रगति और पूरी हो चुकी योजनाओं को संबंधित संस्थाओं को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया की समीक्षा की गई।
मंत्री जयवीर सिंह ने पर्यटन और संस्कृति विभाग के अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ काम करने तथा लंबित परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के धार्मिक स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों और सांस्कृतिक केंद्रों को बेहतर सुविधाओं से जोड़ना है।
उत्तराखंड के साथ संयुक्त पर्यटन सर्किट की योजना से लेकर वाराणसी के लमही स्थित प्रेमचंद संग्रहालय के विकास तक, इन पहलों के जरिए प्रदेश में धार्मिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक और विरासत पर्यटन को नई पहचान देने की कोशिश की जा रही है।
