वाराणसी। धर्म, अध्यात्म और संगीत की नगरी काशी में शुक्रवार की शाम सुरों और भक्ति के नाम रही। मां गंगा के तट पर स्थित नमो घाट पर चार दिवसीय ‘गंगा महोत्सव-2026’ का भव्य आगाज हुआ। देव दीपावली से पहले कार्तिक मास की पावन बेला में आयोजित इस महोत्सव की पहली शाम संगीत, संस्कृति और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर नजर आई। आयोजन के दौरान नमो घाट पर बड़ी संख्या में लोग जुटे। पूरा परिसर हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयघोष से गूंजता रहा।

महोत्सव का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, महापौर अशोक तिवारी, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, विधायक त्रिभुवन राम और काशी क्षेत्र भाजपा अध्यक्ष अशोक चौरसिया मौजूद रहे। इसके अलावा मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन और मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) प्रखर कुमार सिंह ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि गंगा महोत्सव काशी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, कला और संगीत परंपरा को नई पहचान देने के साथ ही मां गंगा के प्रति लोगों को जागरूक करने का महत्वपूर्ण मंच है।
‘काशी भजन क्लबिंग’ ने पारंपरिक भजनों को दिया आधुनिक अंदाज
महोत्सव की पहली शाम का सबसे बड़ा आकर्षण ‘काशी भजन क्लबिंग: एक संध्या सुरों और बीट्स के नाम’ रहा। इस विशेष कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक राघव और प्राची ने ‘बैकस्टेज सिबलिंग्स’ बैंड के साथ शानदार प्रस्तुति दी। कलाकारों ने पारंपरिक भजनों को आधुनिक संगीत और इलेक्ट्रॉनिक बीट्स के साथ जोड़कर एक अलग ही माहौल बना दिया।

सिंथेसाइजर की धुन, इलेक्ट्रॉनिक म्यूजिक और आकर्षक लेजर लाइटिंग के बीच भजनों की प्रस्तुति ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया। शिव और राम भजनों की आधुनिक धुनों पर युवा ही नहीं, बल्कि हर उम्र के लोग झूमते नजर आए। इस अनूठे प्रयोग ने सनातन परंपरा और नई पीढ़ी के संगीत प्रेम के बीच खूबसूरत तालमेल पेश किया।
हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा नमो घाट
कार्यक्रम के दौरान माहौल उस समय और उत्साहपूर्ण हो गया, जब कलाकारों ने मंच से हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयकारे लगाए। मौजूद हजारों लोगों ने भी पूरे जोश के साथ उनका साथ दिया। भक्ति संगीत की लय और जोशीली धुनों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
नमो घाट की सीढ़ियों पर भारी भीड़ दिखाई दी। लोग तालियों और जयकारों के साथ संगीत का आनंद लेते रहे। वहीं, दर्शकों के मोबाइल फोन की रोशनी से पूरा घाट जगमगा उठा। गंगा तट पर बना यह नजारा उत्सव की भव्यता को और खास बना रहा था।

अगले तीन दिनों तक कलाकारों की प्रस्तुतियों से सजेगा गंगा तट
चार दिवसीय गंगा महोत्सव में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए नामचीन और उभरते कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। कार्यक्रम में शास्त्रीय और उपशास्त्रीय संगीत के साथ कजरी, चैती और अन्य पारंपरिक लोकगीतों तथा नृत्य की प्रस्तुतियां भी शामिल हैं।
बनारस घराने की समृद्ध संगीत विरासत को प्रदर्शित करने वाले इस आयोजन में आने वाले दिनों में भी सुरों और संस्कृति की अनूठी छटा देखने को मिलेगी। पहले दिन ‘काशी भजन क्लबिंग’ को मिली शानदार प्रतिक्रिया के बाद महोत्सव के शेष कार्यक्रमों को लेकर भी लोगों में खासा उत्साह है।
