वाराणसी। शहर में शादी-विवाह के आयोजनों के दौरान बारात के नाम पर सड़क पर जाम लगाने और यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ अब पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वैवाहिक कार्यक्रमों के दौरान सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न होने पर मैरिज लॉन संचालकों, बारात घर संचालकों और आयोजकों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में पुलिस कमिश्नर ने बारात घर, मैरिज लॉन और डीजे संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। साथ ही जनपद के सभी थाना प्रभारियों को इन निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के लिए कहा गया है।
बारात निकालने के लिए रस्सी का इस्तेमाल अनिवार्य
पुलिस कमिश्नर ने बारात संचालकों को निर्देश दिया है कि बारात निकालते समय रस्सों का अनिवार्य रूप से प्रयोग किया जाए। बारात के दौरान सड़क के एक-तिहाई से अधिक हिस्से पर किसी भी स्थिति में कब्जा नहीं किया जाएगा, ताकि अन्य वाहनों का आवागमन बाधित न हो।
इसके अलावा बारात घर और मैरिज लॉन संचालकों को बारात निकाले जाने की सूचना पहले से संबंधित स्थानीय थाने को देना अनिवार्य होगा। बिना सूचना दिए बारात निकालने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रात 10 बजे के बाद डीजे और लाउडस्पीकर पर प्रतिबंध
डीजे संचालकों को भी सख्त हिदायत दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डीजे पर अश्लील, आपत्तिजनक या मर्यादा के विपरीत गाने नहीं बजाए जाएंगे। ध्वनि की तीव्रता निर्धारित मानकों के अनुरूप रखनी होगी।
सुप्रीम कोर्ट और शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार रात 10 बजे के बाद डीजे और लाउडस्पीकर का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित डीजे संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और डीजे सीज भी किया जा सकता है।
मैरिज लॉन में पार्किंग की जिम्मेदारी संचालकों की
पुलिस कमिश्नर ने सभी मैरिज लॉन और बारात घर संचालकों को वैवाहिक आयोजनों के दौरान पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम में आने वाले वाहनों को मुख्य सड़क या सार्वजनिक मार्ग पर खड़ा नहीं किया जाएगा। पार्किंग की ऐसी व्यवस्था करनी होगी, जिससे यातायात प्रभावित न हो।
इसके साथ ही सभी मैरिज लॉन और बारात घरों में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने और उन्हें चालू हालत में रखने के निर्देश दिए गए हैं। अग्निशमन सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन करते हुए जरूरी अग्निशमन उपकरण और अन्य सुरक्षा इंतजाम भी उपलब्ध कराने होंगे।
थाना प्रभारियों को निगरानी की जिम्मेदारी
पुलिस कमिश्नर ने पुलिस उपायुक्तों को अपने-अपने क्षेत्रों में बारात घर, मैरिज लॉन और डीजे संचालकों के साथ बैठक कर सभी दिशा-निर्देशों की जानकारी देने और उनका पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है।
वहीं, सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में शादी-विवाह के आयोजनों और बारात के दौरान यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखने को कहा गया है। पुलिस का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि वैवाहिक आयोजनों के कारण शहर की सड़कों पर जाम की स्थिति न बने और आम लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
