आज 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी के साथ ही शादी-विवाह के नए सीजन की शुरुआत हो गई है। इस साल का पहला विवाह मुहूर्त 21 नवंबर को पड़ रहा है। नवंबर और दिसंबर में कुल 11 दिन शादी के लिए शुभ माने गए हैं। नवंबर में चार और दिसंबर में सात शुभ तिथियां हैं। इस साल का आखिरी विवाह मुहूर्त 12 दिसंबर को रहेगा। इसके बाद सीधे जनवरी 2027 में शादियों का सिलसिला दोबारा शुरू होगा।
आने वाले साल 2027 में 15 जनवरी से विवाह समारोहों के लिए शुभ मुहूर्त मिलने लगेंगे। पूरे साल में शादी के लिए कुल 96 शुभ दिन बताए गए हैं। इनमें सबसे अधिक 34 मुहूर्त मई और जून के महीनों में रहेंगे। वहीं, अगस्त, सितंबर और अक्टूबर में विवाह के लिए कोई शुभ मुहूर्त नहीं होगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस अवधि में भगवान विष्णु योगनिद्रा में रहते हैं।
16 दिसंबर से शुरू होगा खरमास, 15 जनवरी से फिर शहनाइयों की गूंज
पंचांग के अनुसार, 16 दिसंबर से सूर्य के धनु राशि में प्रवेश के साथ धनुमास यानी खरमास शुरू हो जाएगा। हिंदू धार्मिक मान्यताओं में खरमास के दौरान विवाह जैसे मांगलिक कार्य करना शुभ नहीं माना जाता है। इस वजह से इस अवधि में शादी के आयोजन नहीं किए जाते।
14 जनवरी की रात सूर्य के मकर राशि में प्रवेश करने के साथ खरमास समाप्त होगा। इसके अगले दिन यानी 15 जनवरी 2027 से विवाह के शुभ मुहूर्त फिर शुरू हो जाएंगे। इसके साथ ही नए साल में शादी-विवाह के आयोजनों की रौनक देखने को मिलेगी।
चार महीने की योगनिद्रा के बाद जागते हैं भगवान विष्णु
हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता के अनुसार, आषाढ़ महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी को भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं। इस तिथि को देवशयनी एकादशी कहा जाता है। इसके बाद भगवान विष्णु लगभग चार महीने तक योगनिद्रा में रहते हैं। इस अवधि को चातुर्मास कहा जाता है।
धार्मिक परंपराओं के अनुसार, चातुर्मास के दौरान विवाह, गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक कार्यों के आयोजन नहीं किए जाते हैं।
कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी को भगवान विष्णु के जागने की मान्यता है। इसी वजह से इस दिन को देवउठनी एकादशी या देवोत्थान एकादशी कहा जाता है। इस दिन से मांगलिक कार्यों की शुरुआत भी हो जाती है।
देवउठनी एकादशी पर होता है तुलसी विवाह
देवउठनी एकादशी के दिन तुलसी विवाह की परंपरा निभाई जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस अवसर पर भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप का विवाह माता तुलसी के साथ कराया जाता है।
इस आयोजन में तुलसी के पौधे को दुल्हन की तरह सजाया जाता है, जबकि शालिग्राम जी को दूल्हे का स्वरूप दिया जाता है। शाम के समय विधि-विधान से पूजा-अर्चना और विवाह की रस्में पूरी की जाती हैं।
देवउठनी एकादशी के साथ ही चातुर्मास का समापन माना जाता है और इसी दिन से हिंदू धर्म में विवाह सहित दूसरे मांगलिक आयोजनों का दौर शुरू हो जाता है।
