• Banaras Now, Varanasi
  • March 19, 2026

वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा है कि जनपद में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता है। किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के साथ लगातार समन्वय बनाकर इनकी आपूर्ति सुचारू रूप से कराई जा रही है।

उन्होंने बताया कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर ईंधन और घरेलू गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। प्रशासन की ओर से अफवाह फैलाने और कालाबाजारी करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। यदि कोई ऐसा करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने यह भी कहा कि पीएनजी गैस सप्लाई को नियमित बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों में भी गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।

गैस की कमी से जुड़ी अफवाहों के बीच बुधवार को जिलाधिकारी ने सभी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और घबराने की जरूरत नहीं है। सभी उपभोक्ताओं को घरेलू गैस, पेट्रोल और डीजल पहले की तरह नियमित रूप से मिलता रहेगा। उन्होंने बताया कि आमतौर पर एक घरेलू गैस सिलेंडर लगभग एक महीने तक चलता है, इसलिए सिलेंडर लेने के बाद दोबारा बुकिंग के लिए 25 दिन का अंतराल रखा गया है।

जिलापूर्ति अधिकारी के.बी. सिंह ने बताया कि वाराणसी में कुल 81 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं और लगभग 10.36 लाख उपभोक्ता हैं। प्रतिदिन करीब 23,600 उपभोक्ताओं के गैस सिलेंडर रिफिल किए जाते हैं। यह व्यवस्था पहले की तरह सुचारू रूप से चल रही है और सभी उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जा रही है।

Author

thefrontfaceindia@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *