वाराणसी: रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छांव में तीन दिनों से लापता एमएससी की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छात्रा का शव उसके प्रेमी के किराए के कमरे के बाथरूम से बरामद किया गया। मृतका की पहचान राजातालाब क्षेत्र के मरुई-जमुनी निवासी श्रेया उपाध्याय के रूप में हुई है, जो जगतपुर पीजी कॉलेज में एमएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी।
परिजनों के अनुसार, श्रेया 17 अगस्त को कॉलेज के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। खोजबीन के बाद परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस के जरिए जांच शुरू की तो उसकी अंतिम लोकेशन बच्छांव स्थित मालवीय इंटर कॉलेज के पास मिली। पुलिस ने वहां पहुंचकर कमरे का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
ननिहाल में मिले बैग से मिली कमरे की चाबी
बेटी की तलाश में जुटी मां और चचेरा भाई श्रेया के प्रेमी विवेक चौबे (निवासी नियार, चोलापुर) के मिर्जापुर स्थित सीखड़ गांव में मामा के घर पहुंचे। विवेक वहां मौजूद नहीं था, लेकिन कमरे में रखे उसके बैग की तलाशी लेने पर बच्छांव वाले कमरे की चाबी मिल गई।
चाबी लेकर परिजन बच्छांव पहुंचे और ताला खोला। दरवाजा खुलते ही भीतर से भीषण दुर्गंध आने लगी। अंदर जाकर देखने पर बाथरूम में श्रेया का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल से छात्रा का मोबाइल, चप्पल और अन्य सामान बरामद हुआ है।
पुलिस जांच और कार्रवाई
अपर पुलिस आयुक्त (Additional CP) आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपी विवेक चौबे की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। मामले में मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
