वाराणसी: जिले के चौबेपुर क्षेत्र में इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। कादी कला स्थित ‘स्टार मार्का’ ईंट-भट्ठे पर चोरी के शक में 45 वर्षीय मजदूर राम जन्म वनवासी की पेड़ से बांधकर बेरहमी से लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी भट्ठा मालिक और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
मृतक राम जन्म वनवासी (45) मूल रूप से चंदौली के धानापुर थाना क्षेत्र स्थित धरायन गांव का निवासी था। वह पिछले कुछ महीनों से चोलापुर के मोहाव गोसाईपुर (बड़कीबारी) स्थित अपनी ससुराल में रहकर मजदूरी करता था। 20 अगस्त की शाम जब राम जन्म ईंट-भट्ठे पर गया, तो भट्ठा मालिक अजय सिंह और उसके साथियों ने उस पर ट्रैक्टर चुराने की कोशिश का आरोप लगाया। आरोपियों ने उसे रस्सी से पेड़ से बांधा और अधमरा होने तक लाठियों से प्रहार करते रहे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को गोसाईपुर इलाके में लावारिस फेंक दिया, जिसे पुलिस ने पांच दिन पहले बरामद किया था।
वीडियो फुटेज और पोस्टमॉर्टम से खुला राज
शुरुआत में अज्ञात शव मिलने के बाद सोशल मीडिया और आसपास के थानों की मदद से परिजनों ने मृतक की शिनाख्त की। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में शरीर पर गंभीर चोटों और अंदरूनी रक्तस्राव से मौत की पुष्टि हुई। इसी दौरान घटना का एक वीडियो सामने आया, जिसे मौके पर मौजूद एक अन्य मजदूर ने गुप्त रूप से रिकॉर्ड किया था। वीडियो में आरोपी मजदूर को बंधक बनाकर पीटते साफ नजर आए, जो जांच में निर्णायक सुबूत बना।
पुलिस कार्रवाई
एडीसीपी लिपि नगायच के अनुसार, भट्ठा मालिक अजय सिंह (निवासी शिवदासा) और उसके सहयोगी विशाल सिंह (निवासी गरथौली) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने जुर्म कबूल कर लिया। घटना में शामिल दो अन्य नामजद आरोपी आशीष और दीपक यादव (निवासी बर्थरा, चौबेपुर) फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
