• Banaras Now, Varanasi
  • April 20, 2026

सीएम योगी ने सिंगल क्लिक से 2 लाख लाभार्थियों को जारी की पहली किश्त

वाराणसी। प्रधानमंत्री आवास योजना–शहरी 2.0 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ से सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के लगभग 2 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे ₹2000 करोड़ की अनुदान राशि अंतरित की। इस अवसर पर प्रत्येक लाभार्थी को आवास निर्माण हेतु ₹1.00 लाख की प्रथम किश्त प्रदान की गई।

जनपद वाराणसी में इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर, सिगरा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उद्बोधन का लाइव प्रसारण देखा गया। कार्यक्रम से केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर भी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े और उन्होंने लाभार्थियों को संबोधित किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनपद वाराणसी की लाभार्थी माधुरी देवी से संवाद कर योजना के लाभ और आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेश स्तर पर लगभग 2 लाख लाभार्थियों को प्रथम किश्त के रूप में ₹1.00 लाख प्रति लाभार्थी की धनराशि उनके बैंक खातों में सीधे अंतरित की गई, जिसमें जनपद वाराणसी के 3294 लाभार्थी शामिल हैं। कार्यक्रम के समापन पर स्वीकृत प्रमाण पत्रों का भी वितरण किया गया।

योजना की प्रमुख विशेषताएं

प्रधानमंत्री आवास योजना–शहरी 2.0 के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को कुल ₹2.50 लाख की अनुदान राशि तीन किश्तों में प्रदान की जाती है। इसमें आवास निर्माण कार्य प्रारंभ करने हेतु प्रथम किश्त के रूप में ₹1.00 लाख, फाउंडेशन कार्य पूर्ण होने पर द्वितीय किश्त के रूप में ₹1.00 लाख तथा आवास निर्माण पूर्ण होने पर तृतीय किश्त के रूप में ₹50,000 की राशि दी जाती है।

यह योजना शहरी क्षेत्रों में निवासरत आर्थिक रूप से कमजोर, निम्न आय और मध्यम आय वर्ग के उन परिवारों के लिए है, जिनके पास देश में कहीं भी पक्का मकान नहीं है। योजना के अंतर्गत विधवाओं, अविवाहित महिलाओं, दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों, ट्रांसजेंडर व्यक्तियों, अनुसूचित जाति/जनजाति, अल्पसंख्यक एवं समाज के अन्य वंचित वर्गों को प्राथमिकता दी जाती है।

कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य

रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर, सिगरा में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरव श्रीवास्तव, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार तथा नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Author

thefrontfaceindia@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *