वाराणसी। उत्तर प्रदेश में नकली दवाओं के कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई में एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा हुआ है। वाराणसी के रोहनिया क्षेत्र में नकली और संदिग्ध दवाओं का स्टॉक बरामद होने के बाद जांच की कड़ियां हिमाचल प्रदेश तक पहुंच गई हैं। यूपी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की संयुक्त टीम ने हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में एक संदिग्ध दवा निर्माण इकाई पर छापेमारी की है। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री में दवाओं का निर्माण और पैकेजिंग किए जाने के साक्ष्य मिले हैं।
यह कार्रवाई वाराणसी, मुरादाबाद और लखनऊ में हुई जांच तथा औषधि निरीक्षण के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर की गई। कमिश्नर FSDA डॉ. रोशन जैकब के पर्यवेक्षण में जांच टीम ने दवाओं के निर्माण के वास्तविक स्रोत का पता लगाने के लिए हिमाचल प्रदेश तक कार्रवाई का दायरा बढ़ाया।
मरीजों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले नेटवर्क पर कार्रवाई
जांच एजेंसियों के मुताबिक, वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र में पहले नकली और संदिग्ध दवाओं का स्टॉक पकड़ा गया था। इस मामले में कुल 17 प्रकार की दवाओं की पहचान की गई थी। इसके बाद इन दवाओं के निर्माण और सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू हुई।
जांच के दौरान हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले की नालागढ़ तहसील स्थित राजपुरा, खेड़ा बाईपास क्षेत्र में संदिग्ध मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का पता चला। यूपी FSDA और STF की संयुक्त टीम ने यहां छापा मारा तो फैक्ट्री संचालित अवस्था में मिली। मौके पर बाजार में अधिक मांग वाली ब्रांडेड दवाओं के कथित अवैध निर्माण से जुड़ी गतिविधियां सामने आईं।
नामचीन कंपनियों की दवाओं की नकल का संदेह
छापेमारी के दौरान कई लोकप्रिय और महंगी दवाओं के निर्माण से संबंधित सामग्री मिली। इनमें एसिडिटी, न्यूरो संबंधी समस्याओं और संक्रमण के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाएं शामिल हैं।
प्रमुख रूप से Pan-D Capsules, Pressiz-300 Capsules, Pregabalin, C-AZ (Cefixime और Azithromycin), A-Cipex-625 (Amoxycillin और Potassium Clavulanate) तथा Neuro-300 जैसी दवाओं से संबंधित सामग्री सामने आई।
इसके अलावा जीरोडोल एसपी, मॉन्टिना एल, रेबिसेक एलएस, क्लैवेम 625, शेलकॉल 500 और टैक्सिम ओ 200 समेत अन्य दवाओं के निर्माण से जुड़ी सामग्री भी मिली। जांच एजेंसियां इन दवाओं की वास्तविकता, गुणवत्ता और निर्माण से संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल कर रही हैं।
फैक्ट्री में मिली दवा निर्माण से लेकर पैकेजिंग तक की मशीनें
संयुक्त छापेमारी के दौरान फैक्ट्री में दवाओं के निर्माण और पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद हुए। इनमें ब्लिस्टर पैकिंग मशीन, एल्यूमिनियम-एल्यूमिनियम (Alu-Alu) पैकिंग मशीन, कैप्सूल फिलिंग मशीन, वजन मापने वाली मशीनें, प्रिंटेड फॉइल और स्टीरियो प्रिंटिंग उपकरण शामिल हैं।
इन मशीनों की मौजूदगी से जांच एजेंसियों को आशंका है कि यहां केवल दवाओं का भंडारण नहीं, बल्कि उनके निर्माण, पैकेजिंग और ब्रांडेड पैक तैयार करने का काम भी किया जा रहा था। अब टीम यह पता लगाने में जुटी है कि फैक्ट्री में तैयार दवाओं की सप्लाई किन राज्यों, शहरों और दवा कारोबारियों तक की जाती थी।
वाराणसी से हिमाचल तक फैले नेटवर्क की जांच तेज
इस मामले की जांच में वाराणसी, मुरादाबाद और लखनऊ में हुई कार्रवाई महत्वपूर्ण साबित हुई है। इन जिलों में संदिग्ध दवाओं से जुड़े मामलों की जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर उनके निर्माण स्थल तक पहुंचने की कोशिश की गई।
वाराणसी के रोहनिया में 17 प्रकार की संदिग्ध दवाओं का स्टॉक मिलने से शुरू हुई जांच अब हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में संदिग्ध निर्माण इकाई तक पहुंच गई है। जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों, दवाओं की सप्लाई चेन और अवैध कारोबार के अन्य ठिकानों का पता लगाने में जुटी हैं।
नकली दवाओं का कारोबार सीधे मरीजों की सेहत और जीवन के लिए खतरा बन सकता है। ऐसे में इस कार्रवाई को प्रदेश में अवैध दवा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
“`
