वाराणसी। वाराणसी के चोलापुर क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडर के वजन को लेकर एक उपभोक्ता ने सवाल खड़े किए हैं। मोहाव गोसाईपुर के दशवतपुर निवासी केंद्रीय विद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षक महेंद्र नारायण सिंह के पुत्र संदीप सिंह ने आरोप लगाया है कि उनके घर में इस्तेमाल किया गया एलपीजी सिलेंडर महज 22 दिनों में ही खाली हो गया। हैरानी तब हुई, जब खाली सिलेंडर को तौलने पर उसका वजन 18 किलो 500 ग्राम निकला।
संदीप सिंह के मुताबिक, सिलेंडर पर खाली वजन (टेयर वेट) 15 किलो 400 ग्राम अंकित है। इसके बावजूद खाली होने के बाद सिलेंडर का वजन 18.5 किलो पाया गया। यानी अंकित वजन की तुलना में 3 किलो 100 ग्राम का अंतर सामने आया है।
उन्होंने बताया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर के लिए 14 किलो 200 ग्राम गैस की रिफिल बुक कराई गई थी। यह बुकिंग चोलापुर गैस एजेंसी (डिस्ट्रीब्यूटर कोड संख्या 0000288409) के माध्यम से हुई थी। आमतौर पर एक महीने तक चलने वाला सिलेंडर 22 दिनों में ही खत्म हो जाने के बाद उन्हें गैस की वास्तविक मात्रा को लेकर संदेह हुआ।
उपभोक्ता का कहना है कि उन्होंने सिलेंडर का वजन दो अलग-अलग कांटों पर करवाया, लेकिन इसके बाद भी सवाल जस के तस बने हुए हैं। उनका संदेह है कि कहीं सिलेंडर में निर्धारित मात्रा से कम गैस तो नहीं भरी जा रही है या वजन में किसी तरह की गड़बड़ी तो नहीं हो रही है।
इस मामले में संदीप सिंह ने खाली सिलेंडर के वजन और उसके अंदर मौजूद पदार्थ की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने की मांग की है, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
मामले को लेकर एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर की गई शिकायत के वायरल होने के बाद पेट्रोलियम मंत्रालय की ओर से जांच का आश्वासन दिया गया है। अब उपभोक्ता के साथ-साथ लोगों की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।
