वाराणसी। देव दीपावली से पहले काशी एक बार फिर संगीत और संस्कृति के रंगों में सराबोर होने जा रही है। नमो घाट पर 20 से 23 नवंबर तक चार दिवसीय काशी गंगा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान देशभर के प्रसिद्ध कलाकार अपनी गायन, संगीत और नृत्य प्रस्तुतियों से गंगा तट पर सांस्कृतिक छटा बिखेरेंगे।
मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने कमिश्नरी सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में महोत्सव की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में काशी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि चार दिनों तक नमो घाट पर शास्त्रीय संगीत, भजन, लोकगीत, कथक, भरतनाट्यम और ओडिसी जैसी विभिन्न कलाओं की प्रस्तुतियां होंगी। इसमें स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
भजन क्लबिंग से होगा महोत्सव का आगाज
मंडलायुक्त के मुताबिक, 20 नवंबर को डमरू और शंखनाद के साथ महोत्सव की शुरुआत होगी। इसके बाद राघव-प्राची की ओर से ‘काशी भजन क्लबिंग’ की प्रस्तुति दी जाएगी। इसमें पारंपरिक भजनों को आधुनिक संगीत और इलेक्ट्रॉनिक बीट्स के साथ नए अंदाज में पेश किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को भक्ति संगीत से जोड़ना है।
कल्पना पटवारी और कुमार सत्यम की प्रस्तुतियां रहेंगी खास
महोत्सव के दूसरे दिन यानी 21 नवंबर को गायन और कथक की विभिन्न प्रस्तुतियां होंगी। 22 नवंबर को प्रसिद्ध लोक गायिका कल्पना पटवारी भोजपुरी और लोकगीतों के माध्यम से दर्शकों को लोक संस्कृति से रूबरू कराएंगी।
वहीं, 23 नवंबर को पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्र की ताल वाद्य कचहरी सहित कई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। महोत्सव का समापन प्रसिद्ध भजन गायक कुमार सत्यम की प्रस्तुति के साथ होगा।
मंडलायुक्त ने कहा कि काशी गंगा महोत्सव पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक संगीत का अनूठा संगम बनेगा। इसके जरिए स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहित करने और नई पीढ़ी को काशी की समृद्ध कला, संगीत एवं संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
“`
