वाराणसी। पूर्वांचल में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के अवशेषों का प्रभाव अब साफ दिखाई देने लगा है। इसके चलते वाराणसी सहित आसपास के जिलों में मौसम का मिजाज बदल गया है। शनिवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और दिनभर धूप नहीं निकली। कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। बादलों और वातावरण में बढ़ी नमी के कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम में आए बदलाव से लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भी पूर्वांचल के दक्षिणी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। बादलों की मौजूदगी के कारण अधिकतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। हालांकि, रात के तापमान में फिलहाल कुछ बढ़ोतरी बनी रह सकती है।
बीएचयू और बाबतपुर में गिरा दिन का तापमान
शनिवार को बीएचयू मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2.7 डिग्री कम रहा। वहीं, बाबतपुर में अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री नीचे था।
दूसरी ओर, न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। बीएचयू में रात का न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस और बाबतपुर में 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ये आंकड़े सामान्य से क्रमशः 4.7 और 2.7 डिग्री अधिक रहे।
23 नवंबर से 3 से 5 डिग्री तक गिर सकता है पारा
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, चक्रवाती तूफान अकवान के अवशेष उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर निम्न दबाव क्षेत्र के रूप में मौजूद हैं। इसी मौसमी गतिविधि का प्रभाव पूर्वांचल में देखने को मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि 23 नवंबर से न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। तापमान कम होने के साथ ही ठंड का असर बढ़ेगा। आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय लोगों को अधिक ठंड महसूस हो सकती है।
पूर्वांचल में घने कोहरे की संभावना
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में पूर्वांचल के कई इलाकों में घने कोहरे की आशंका जताई है। सुबह के समय कोहरे का असर अधिक रह सकता है, जिससे सड़कों पर दृश्यता कम होने की संभावना है। इसका प्रभाव सड़क और रेल यातायात पर भी पड़ सकता है।
फिलहाल बादलों और हल्की बारिश के चलते मौसम में बदलाव जारी है। 23 नवंबर से तापमान में गिरावट और कोहरे के बढ़ते प्रभाव के साथ काशी में सर्दी का असर और तेज होने के आसार हैं।
