• Banaras Now, Varanasi
  • March 6, 2026

वाराणसी। गणतंत्र दिवस के मौके पर काशी महिला सशक्तिकरण की एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक तस्वीर पेश करने जा रही है। उत्तर प्रदेश में पहली बार ऑल वुमेन पुलिस परेड का आयोजन किया जाएगा, जिसमें परेड की कमान से लेकर हर दस्ता पूरी तरह महिला पुलिसकर्मियों के नियंत्रण में होगा।

एडीसीपी नीतू कादयान ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष परेड में कुल 400 महिला पुलिसकर्मी भाग लेंगी। परेड की खासियत यह होगी कि घुड़सवार दस्ता, स्कूटी दस्ता, डायल 112 सेवा, कमांडो यूनिट और फायर डिस्ट्रीब्यूशन टीम सहित सभी टुकड़ियां पूरी तरह महिला पुलिसकर्मियों द्वारा संचालित की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक परेड का नेतृत्व प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी मानसी सिंह करेंगी। परेड में रिक्रूट कांस्टेबल, विभिन्न थानों में तैनात महिला उपनिरीक्षक, ट्रैफिक पुलिसकर्मी और विशेष महिला कमांडो दस्ता शामिल होगा, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेगा।

एडीसीपी नीतू कादयान ने कहा कि अब तक गणतंत्र दिवस पर केवल एक महिला टुकड़ी परेड में शामिल होती थी, लेकिन काशी में पहली बार संपूर्ण परेड महिला पुलिसकर्मियों द्वारा की जाएगी। इस परेड में शामिल सभी महिलाएं या तो वाराणसी में तैनात हैं या यहीं प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और समाज में यह संदेश देना है कि महिलाएं सिर्फ सुरक्षा की मोहताज नहीं, बल्कि समाज और देश की सुरक्षा करने में पूरी तरह सक्षम हैं। यह पहल महिलाओं के प्रति बनी पारंपरिक सोच को बदलने की दिशा में एक मजबूत कदम है।

एडीसीपी ने कहा कि यह आयोजन पुलिस आयुक्त के मार्गदर्शन में किया जा रहा है, ताकि सामाजिक स्तर पर सोच, व्यवहार और दृष्टिकोण में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सके। उन्होंने कहा, इस परेड के माध्यम से हम यह स्पष्ट संदेश देना चाहते हैं कि महिलाएं सिर्फ संरक्षित होने वाली नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा में अग्रणी भूमिका निभाने वाली सक्षम प्रहरी हैं। काशी में पहली बार होने जा रही ऑल वुमेन पुलिस परेड महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।

Author

thefrontfaceindia@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *