• Banaras Now, Varanasi
  • March 6, 2026

वाराणसी। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर काशी विश्वनाथ धाम मंगलवार को भक्ति और संगीत की अनुपम छटा से आलोकित हो उठा। “महाशिवरात्रि महोत्सव” के अंतर्गत आयोजित सांस्कृतिक संध्या में ग्रैमी अवार्ड से सम्मानित पद्मश्री विश्व मोहन भट्ट ने अपनी मोहक मोहन वीणा से ऐसा सुर साधा कि पूरा धाम आध्यात्मिक रस में सराबोर हो गया। उन्होंने अपने स्वयं रचित ‘विश्वरंजनी’ राग की प्रस्तुति दी, जो राग शिवरंजनी और मधुवंती का सुंदर समन्वय है।

श्री काशी विश्वनाथ धाम और “सुबह-ए-बनारस” के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में ‘शिवार्चनम’ मंच पर कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं, पर्यटकों और संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नटराज का प्रांगण “हर-हर महादेव” के उद्घोष और दिव्य स्वरों से गूंज उठा।

कार्यक्रम के दौरान पद्मश्री विश्व मोहन भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से काशी का स्वरूप बदला है। उन्होंने कहा कि दोनों के नेतृत्व में शहर ने उल्लेखनीय विकास देखा है। उन्होंने यह भी कहा कि बाबा विश्वनाथ के आंगन में प्रस्तुति देना स्वयं में आशीर्वाद की अनुभूति कराता है। यहां से निकला प्रत्येक स्वर ईश्वरीय कृपा का प्रतीक प्रतीत होता है। उन्होंने विश्व शांति और सद्भावना की कामना भी की।

महोत्सव की दूसरी प्रस्तुति अमित श्रीवास्तव द्वारा दी गई, जिसमें जटायु की कथा पर आधारित ‘नोहारी’ नृत्य-नाटिका ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इसके पश्चात शुभम सृतिक त्रिपाठी और उनके साथियों ने भजन संध्या प्रस्तुत कर वातावरण को पूर्णतः भक्तिमय बना दिया।

यह सांस्कृतिक आयोजन केवल संगीत और नृत्य की उत्कृष्ट प्रस्तुति तक सीमित नहीं रहा, बल्कि काशी की सनातन परंपरा, आध्यात्मिक विरासत और सांस्कृतिक चेतना को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठित करने का माध्यम भी बना।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, कला साधक और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ “सुबह-ए-बनारस” के संस्थापक रत्नेश वर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन श्री काशी विश्वनाथ धाम के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्र ने किया। सभी कलाकारों को सम्मानित भी किया गया।

मुख्य अतिथि के रूप में अनूप जलोटा फाउंडेशन से भरत ओझा, आकाशवाणी वाराणसी के सहायक निदेशक आशुतोष पाण्डेय, अंशुमान महाराज, विनय तिवारी, अभय श्रीवास्तव और डॉ. प्रेम नारायण सहित अनेक गणमान्य व्यक्तित्व उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मुंबई की अंकिता खत्री और मीनाक्षी दीक्षित ने किया।

Author

thefrontfaceindia@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *