नई दिल्ली। सोने-चांदी की कीमतों में 11 फरवरी को लगातार तीसरे कारोबारी दिन तेजी दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, एक किलो चांदी की कीमत 7,349 रुपये बढ़कर 2,66,449 रुपये पर पहुंच गई। पिछले तीन कारोबारी सत्रों में चांदी कुल 21,520 रुपये महंगी हो चुकी है। इससे पहले शुक्रवार को चांदी का भाव 2,44,929 रुपये प्रति किलो था।
वहीं सोने की कीमतों में भी मजबूती बनी रही। 24 कैरेट सोना 10 ग्राम के लिए 1,067 रुपये महंगा होकर 1,57,322 रुपये पर पहुंच गया। मंगलवार को इसकी कीमत 1,56,255 रुपये प्रति 10 ग्राम थी।
गौरतलब है कि 29 जनवरी को सर्राफा बाजार में सोना 1,76,121 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 3,85,933 रुपये प्रति किलो के ऑल टाइम हाई स्तर पर पहुंच चुके हैं। वाराणसी सराफा एसोसिएशन के महामंत्री रवि सर्राफ के अनुसार, वैश्विक बाजार में मजबूती और निवेश मांग के चलते कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी है।
