• Banaras Now, Varanasi
  • March 19, 2026

वाराणसी: शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नगर निगम ने कचरा प्रबंधन को लेकर नई पहल शुरू की है। अब शहर के अलग-अलग इलाकों में चार रंगों के डस्टबिन वितरित किए जाएंगे, जिससे कचरे को घर से ही अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर उसका सही तरीके से निस्तारण किया जा सके। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ‘सोर्स सेग्रिगेशन’ को बढ़ावा देना और स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।

स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर निगम का प्रयास है कि घरों से निकलने वाला कचरा पहले ही गीले, सूखे और अन्य प्रकार के कचरे में अलग कर दिया जाए। इसके लिए निगम की ओर से लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है। घरों के बाहर जागरूकता संबंधी स्टिकर लगाए जा रहे हैं, ताकि नागरिक कचरे के पृथक्करण की अहमियत समझें और इसे नियमित रूप से अपनाएं।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे इस अभियान में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जो लोग कूड़े को अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर दे रहे हैं, उन्हें प्रोत्साहित किया जाए, वहीं जो लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, उन्हें समझाकर जागरूक किया जाए।

इसी कड़ी में अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया है कि हर वार्ड में चार प्रकार के डस्टबिन उपलब्ध कराए जाएं। अभियान के पहले चरण में प्रत्येक वार्ड से कम से कम 30 ऐसे भवन मालिकों को चिन्हित किया जाएगा जो कचरे के पृथक्करण की व्यवस्था को अपनाने के लिए तैयार हैं या पहले से इसका पालन कर रहे हैं। इन घरों को मॉडल के रूप में डस्टबिन और जागरूकता स्टिकर दिए जाएंगे, ताकि अन्य लोग भी उनसे प्रेरणा लेकर इस व्यवस्था को अपनाएं।

नगर निगम अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया है कि डस्टबिन वितरण और स्टिकर लगाने की पूरी प्रक्रिया की फोटो सहित रिपोर्ट तुरंत उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए विशेष व्हाट्सएप समूह और निर्धारित प्रारूप के जरिए निगरानी की जा रही है।

नगर निगम का मानना है कि स्वच्छता अभियान तभी सफल होगा जब इसमें आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ेगी। इसलिए अधिकारियों को वार्ड स्तर पर जाकर लोगों को गीले, सूखे और हानिकारक कचरे को अलग रखने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाया जा सके।

Author

thefrontfaceindia@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *