वाराणसी: काशी को स्मार्ट और व्यवस्थित शहर बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक बड़ा कदम उठाया है। शहर में जगह-जगह फैले बेतरतीब तारों के मकड़जाल को हटाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सभी इंटरनेट और डिश टीवी सेवा प्रदाता कंपनियों को निर्देश दिया है कि शहर में फैले ओवरहेड तारों को हटाकर व्यवस्थित किया जाए। इस अभियान में स्मार्ट सिटी परियोजना भी नगर निगम की मदद करेगी।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर की सड़कों और गलियों में लटकते तार न केवल अव्यवस्था फैलाते हैं बल्कि काशी आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के सामने शहर की नकारात्मक छवि भी प्रस्तुत करते हैं। ऐसे में सभी कंपनियों के सहयोग से शहर को केबल मुक्त बनाने की योजना बनाई गई है।

कंपनियों ने दी सहमति, अंडरग्राउंड होंगे तार
इस संबंध में नगर आयुक्त ने रिलायंस जियो, एयरटेल, वोडाफोन, बीएसएनएल और जीटीपीएल सहित कई केबल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में सभी कंपनियों ने शहर को तारों के जाल से मुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी माना कि सड़कों और गलियों में फैले तार शहर की सुंदरता को प्रभावित करते हैं, इसलिए इन्हें हटाना आवश्यक है।
स्मार्ट सिटी के अंडरग्राउंड ओएफसी का होगा उपयोग
नगर आयुक्त ने बताया कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत जिन क्षेत्रों में अंडरग्राउंड ऑप्टिकल फाइबर केबल (OFC) की सुविधा उपलब्ध है, वहां कंपनियां अपने ओवरहेड तारों को हटाकर उन्हें जमीन के नीचे शिफ्ट करेंगी। इसके अलावा सीएम ग्रिड योजना के तहत बनाए गए यूटिलिटी डक्ट का भी इस्तेमाल केबल बिछाने के लिए किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि खंभों पर लटकते तारों को व्यवस्थित करने के लिए एयरटेल की ओर से विशेष वायर कवरिंग बॉक्स का मॉडल भी प्रस्तुत किया गया है, जिससे तारों को सुरक्षित और सुव्यवस्थित रखा जा सकेगा।
लहुराबीर से मैदागिन तक पहले चरण में काम
नगर आयुक्त के अनुसार पहले चरण में लहुराबीर से मैदागिन, मैदागिन से गोदौलिया और कालभैरव मंदिर मार्ग जैसे प्रमुख मार्गों पर वायर कवरिंग बॉक्स का प्रयोग किया जाएगा। यदि यह प्रयोग सफल रहता है तो इसे पूरे शहर में लागू किया जाएगा।
तंग गलियों में दीवारों पर लगाए जाएंगे क्लैंप
मणिकर्णिका घाट और ठठेरी बाजार जैसी तंग गलियों में जहां बिजली के खंभे नहीं हैं, वहां स्थानीय भवन स्वामियों के सहयोग से दीवारों पर क्लैंप लगाए जाएंगे। इन क्लैंप की मदद से तारों को कसकर व्यवस्थित किया जाएगा, जिससे गलियों में फैले तारों के जाल को खत्म किया जा सके।
नगर निगम का मानना है कि इस पहल से शहर की सुंदरता बढ़ेगी और वाराणसी आने वाले पर्यटकों को एक साफ-सुथरा और व्यवस्थित शहर देखने को मिलेगा।
